आतंकी ज़ीनत के जनाज़े के बाद सुरक्षाबलों पर भारी पत्थरबाज़ी, जवाबी कार्रवाई में 7 पत्थरबाज़ घायल
Jammu Kashmir Now Hindi   13-Jan-2019

साउथ कश्मीर के शोपियां में आज शनिवार को मारे गए आतंकी ज़ीनत उल इस्लाम के जनाज़े के बाद ज़बरदस्त पत्थरबाज़ी की गई। सुगन गांव में दफनाने के बाद पत्थरबाजों ने पूरो प्लानिंग के साथ सुरक्षा के लिए तैनात सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों पर भारी पथराव किया। सुरक्षाबलों ने हल्का बल प्रयोग कर पत्थरबाज़ों को तितर-बितर करने की कोशिश की। लेकिन भारी भीड़ सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने के इरादे से हमला करती रही। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में कम से कम 7 पत्थरबाज घायल हो गए, जिनको शोपियां के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इलाके में माहौल शांत करने की कोशिश में जुटी है।
 


 
गौरतलब है कि शनिवार को कुलगाम के यरिपोरा में अल बद्र का चीफ कमांडर ज़ीनत उल इस्लाम ढेर कर दिया गया था। जोकि 2006 से घाटी में आतंकी गतिविधियों में शामिल था। ज़ीनत ने पाकिस्तान से ट्रेनिंग ली थी, जोकि कई सालों तक हिज़्बुल मुजाहिदीन के रियाज़ नाइकू के लिए काम करता रहा, लेकिन 2017 में ज़ीनत पाला बदलकर पाकिस्तान के एक और आतंकी संगठन अल बद्र का चीफ कमांडर बन गया। ज़ीनत घाटी में नौजवानों को रिक्रूट करने का एक्सपर्ट था ,साथ ही IED धमाकों का एक्सपर्ट भी माना जाता था, जिसके चलते ज़ीनत सुरक्षाबलों पर किये गए कई हमलों के लिए ज़िम्मेदार था, और उस पर पुलिस ने 15 लाख का इनाम रखा था। लेकिन शनिवार को एक ब्रीफ एनकाउंटर में सेना ने ज़ीनत समेत 2 A++ आतंकियों को मार गिराया। इन दोनों के मारे जाने के बाद घाटी में सक्रिय पाकिस्तानी आतंकियों को भारी नुकसान पहुंचा है। लिहाजा नौजवानों को भड़काकर पत्थरबाज़ी के जरिये सुरक्षाबलों को निशाना बनाया जा रहा है।