नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा सीजफायर उल्लंघन, एक भारतीय जवान शहीद
   11-अक्तूबर-2019

 
राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान ने शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना की पोस्ट को निशाना बनाते हुये गोलाबारी की और मोर्टार से गोले दागे। जिसके बाद भारतीय सेना ने भी जवाबी फायरिंग की। हालांकि इस हमले में भारतीय सेना के जवान लांस नायक सुभाष थापा घायल हो गये। जिन्हें इलाज के लिये उधमपुर के कमांड अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां देर शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। 25 वर्षीय सुभाष थापा पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले की सिलीगुड़ी के रहने वाले थे। वो पिछले 8 साल से भारतीय सेना में थे।
 
 
 
सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेन्द्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने नौशेरा सेक्टर में सुबह 5:50 बजे से 7:30 बजे तक गोलाबारी की। इस दौरान एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए कमांड अस्पताल उधमपुर में भर्ती कराया गया। जहां देर शाम इलाज के दौरान जवान सुभाष थापा ने दम तोड़ दिया।
 
 
पाकिस्तान ने किया 2 हजार 317 बार सीजफायर का उल्लंघन
 
पाकिस्तानी सेना बीते 2 महीने में सैकड़ों बार सीजफायर का उल्लंघन कर चुकी है। 10 अक्टूबर 2019 तक पाकिस्तान ने कुल 2 हजार 317 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है।