J&K- पाकिस्तान ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, 1 महिला की मौत
   15-अक्तूबर-2019

 
पाकिस्तान ने एक बार फिर मंगलवार को सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के शाहपुर किरनी और कस्बा सेक्टर में सुबह 9:30 बजे गोलाबारी की और मोर्टार से गोले दागे। जिसके बाद भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। पाकिस्तान ने सिविलियन आबादी को निशाना बनाते हुये मोर्टार से गोले दागे, जिसमें एक महिला की मौत हो गयी। पाकिस्तानी सेना बीते 2 महीने के अंदर सैकड़ों बार सीजफायर का उल्लंघन कर चुकी है। बीते शनिवार को भी देर रात पाकिस्तान ने कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया था। रविवार सुबह करीब 6 बजे तक चली उस गोलाबारी में भी पाकिस्तान ने सिविलियन आबादी को निशाना बनाया था। जिसमें मकानों और जानवरों को नुकसान पहुंचा था।
 
 
पाकिस्तानी सेना का मकसद स्थानीय नागरिकों को डराना
 
घाटी का माहौल खराब करने के लिये पाकिस्तानी सेना बार्डर से सटे गांवों के स्थानीय नागरिकों और घरों को निशाना बना रही है। एक तरफ पाकिस्तान के पीएम इमरान खान खुद को जम्मू-कश्मीर के नागरिकों का हितैषी बताते है। दूसरी तरफ उनकी ही सेना घाटी के नागरिकों के ऊपर हमला कर रही है।