5 अगस्त के बाद सौरा, श्रीनगर में पत्थरबाज़ी कराने वाला सबसे बड़ा साजिशकर्ता गिरफ्तार, पहले से दर्ज़ हैं 19 एफआईआर
   16-अक्तूबर-2019

 
आर्टिकल 370 हटाये जाने के बाद डाउनटाउन श्रीनगर के सौरा इलाके में लगातार पत्थरबाज़ी कराने वाला सबसे बड़ा साजिशकर्ता गिरफ्तार कर लिया गया है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने बुधवार सुबह छापेमारी कर हुर्रियत लीडर हयात अहमद भट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक 5 अगस्त के बाद से ही हयात अहमद भट जनाब साहिब सौरा इलाके में विरोध प्रदर्शन के पत्थरबाज़ों को जमा करने, उनको सुरक्षाबलों पर पत्थरबाज़ी के लिए उकसाने के लिए जिम्मेदार था।
 
पत्थरबाज़ी की इन घटनाओं में कई सुरक्षाकर्मी जख्मी हुए थे, इन्हीं पत्थरबाज़ी और तोड़फोड़ के वीडियो और तस्वीरों को इंटरनेशनल मीडिया तक पहुंचाकर देशविरोधी प्रोपगैंडा खड़ा किया जा रहा था।
 
अलगाववादी हयात अहमद भट प्रतिबंधित मुस्लिम लीग से जुड़ा हुआ है और इससे पहले भी 2 बार पब्लिक सेफ्टी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसपर पहले से पत्थरबाज़ी, देशविरोधी गतिविधियों समेत कई मामलों में 16 एफआईआर दर्ज हैं। जबकि 3 एफआईआर इस साल अनलॉफुल एक्टिविटिज़ प्रिवेंशन एक्ट के तहत दर्ज की गयी हैं। यानि हयात भट पर कुल 19 एफआईआर दर्ज हैं।