जाली भारतीय नोट छाप रहा है पाकिस्तान, तस्करी के लिये पाकिस्तानी राजनयिकों का कर रहा है इस्तेमाल
    09-अक्तूबर-2019

 
 
 
पाकिस्तान ने फिर से नकली नोटों की तस्करी भारत में करना शुरू कर दिया है।  खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान अच्छी गुणवत्ता वाले नकली नोटों का बड़े पैमाने पर भारत में तस्करी कर रहा है ताकि फेक इंडियन करंसी नोट के जरिये गैर-कानूनी गतिविधियों और आतंकी समूहों को बढ़ावा दिया जा सके। इसमें लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठन भी शामिल है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि आईएसआई पाकिस्तानी राजनयिकों के जरिये ये जाली नोट भारत और अन्य देशों में भेज रहा है।
 
 
 
ऐसा पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान भारत में जाली नोटों की तस्करी कर रहा है। नोटबंदी के पहले भी पाकिस्तान भारी संख्या में भारत में जाली नोटों को भेजता था। लेकिन नोटबंदी के बाद पाकिस्तान पर लगाम लग गया था, लेकिन पाकिस्तान ने अब फिर जाली नोटों की तस्करी शुरू कर दी है।
 
 
 
दूसरे देशों के रास्ते भारत में आ रहे जाली नोट
 
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 2016 से पहले जिन नेटवर्क और चैनलों के माध्यम से भारत में जाली नोट आते थे। वो नेटवर्क फिर से एक्टिव हो गये है और उन्हीं माध्यमों से जाली नोट भारत में आ रहे है। लेकिन पाकिस्तान इस बार पाकिस्तानी राजदूतों का दुरुपयोग करके नेपाल, बांग्लादेश और दूसरे देशों के माध्यम से नकली नोटों को भारत में पहुंचाने का काम कर रहा है।
 
 
 
 
 
 
पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई के सहयोग से छप रहे है जाली नोट
 
 
 
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पहले के फोटाकॉपी नोट्स की तुलना में ज्यादा गुणवत्ता वाले जाली नोट बना रहा है। इसी साल मई में नेपाल के काठमांडू एयरपोर्ट से डी-कंपनी से जुड़े यूनुस अंसारी को अरेस्ट किया गया था। उसके साथ 3 पाकिस्तानी नागरिक भी गिरफ्तार हुये थे। उनके पास से 76.7 मिलियन के भारतीय मुद्रा के नकली नोट बरामद हुये थे।
 
 
तस्करी के लिये पाकिस्तान कर रहा ड्रोन का इस्तेमाल
 
 
 
22 सितंबर को पंजाब पुलिस ने खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के पास से 10 लाख के जाली नोट बरामद किए थे। इस ग्रुप के पास से पुलिस ने 5 एके-47 राइफल्स, 30 बोर पिस्टल, 9 हैंड ग्रेनेड, 5 सैटलाइट फोन, 2 मोबाइल फोन और 2 वायरलेस सैट भी बरामद किये थे। यह सारा सामान पाकिस्तानी ड्रोन्स के जरिये पहुंचाया गया था।
 
 
 
ढाका में 4.95 मिलियन भारतीय मुद्दा बरामद
 
 
25 सितंबर को ढाका से पुलिस ने 4.95 मिलियन भारतीय मुद्दा के नकली नोट बरामद किये थे। यह पैसा दुबई के रहने वाले सलमान शेरा ने पार्सल के माध्यम से बांग्लादेश में भेजा था। जांच में पता चला कि यह पार्सल बांग्लादेश के सिलहट से श्रीनगर में पहुंचाया जाना था। पार्सल भेजने वाला सलमान शेरा आईएसआई से जुड़े असलम शेरा का बेटा है। असलम 90 के दशक से जाली नोटों के कारोबार में है।
 
 
तस्करी के लिये नेपाल में एक्टिव है पाकिस्तान का बड़ा नेटवर्क
 
 
पाकिस्तान ने जाली नोटों को भारत में भेजने के लिये नेपाल और भारत सीमावर्ती क्षेत्र बीरगंज में अपना ठिकाना बनाया है। खुफिया रिपोर्ट के अनुसार नकली नोटों को भारत में भेजने के लिये आईएसआई ने काठमांडू से बीरगंज तक के सभी सीमाओं पर एजेंटों की एक बड़े नेटवर्क की स्थापना की है।