J&K- सेना,पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों ने उपराज्यपाल से की मुलाकात, सुरक्षा स्थिति के बारे में दी जानकारी
   01-नवंबर-2019

 
 
सेना,पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों ने शुक्रवार को उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान सेना के अधिकारियों ने उन्हें राज्य और सीमा की सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी। उपराज्यपाल ने भी सभी अधिकारियों से कहा कि सुरक्षाबलों और आम नागरिकों के बीच समन्वय बनाने की जरूरत है। लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने उपराज्यपाल को नियंत्रण रेखा और घाटी में सुरक्षा स्थिति से संबंधित मुद्दों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सेना के जवानों द्वारा आतंकियों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन के बारे में भी बताया।
 
 

 
 
सीआरपीएफ के एडीजी जुल्फिकार हसन ने उपराज्यपाल को सीआरपीएफ द्वारा चलायी जा रही आतंरिक सुरक्षा नीतियों और सीआरपीएफ हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। उपराज्यपाल ने भी एडीजी को सभी मोर्चों पर निगरानी बढ़ाने और हर संभव तरीके से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये कहा। वहीं होम गार्ड सुरक्षा कानून व्यवस्था के एडीजीपी मुनिर अहमद खान ने उपराज्यपाल को सुरक्षा और कानून व्यवस्था संबंधित कई महत्वपूर्ण मामलों की जानकारी दी। साथ नागरिकों के लिये बनायी गयी सुरक्षा नीतियों के बारे में विस्तार से बताया।
 
वहीं उपराज्यपाल ने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।