भारी भू-स्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे दूसरे दिन भी बंद, मलबा हटाने का काम जारी
   11-नवंबर-2019
 
 
जम्मू कश्मीर में खराब मौसम के कारण अलग-अलग इलाकों से भारी भू-स्खलन की खबरें आ रही हैं। जिसका सबसे ज्यादा असर ट्रैफिक मूवमेंट पर पड़ा है। ताज़ा भू-स्खलन के बाद महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर हाईवे लगातार दूसरे दिन भी बंद है, ट्रैफिक की आवाजाही बंद होने के चलते हज़ारों ट्रक फंसे हुए हैं। रविवार को दिन में करीब 1.30 बजे रामबन जिले में दिगडोल इलाके में भारी भू-स्खलन के चलते हाईवे बंद है। इससे पहले शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात 3 बजे रामबन जिले से 2 किमी दूर महार इलाके में भू-स्खलन के चलते हाईवे पहले ही बंद कर दिया गया था।
 
 
करीब 13 घंटों की मशक्कत के बाद महार इलाके से मलबा हटाया गया था कि दिगडोल में भारी भू-स्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे लगातार बंद है। हज़ारों यात्री इसके चलते फंसे हुए हैं।
 
 


 
 
 
 
 
 
अधिकारियों के मुताबिक इस मलबे को हटाने के लिए कुल 48 घंटे लग सकते हैं। करीब 300 किमी लंबे महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद होने के चलते सरकार के आला अफसर मौके पर पहुंचे हुए हैं। इस बीच हाईवे पर फंसे हुए यात्रियों के लिए सरकार ने 18 शेड तैयार किये हैं। जोकि आमतौर पर अमरनाथ यात्रा के दौरान इस्तेमाल में लाये जाते हैं।