J&K विधानसभा स्पीकर निर्मल सिंह का जाना तय, उप-राज्यपाल ने जारी किये आदेश
   16-नवंबर-2019

 
उप-राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने जम्मू कश्मीर विधानसभा स्पीकर निर्मल सिंह को पद से हटाने के आदेश जारी कर दिये हैं। 3 दिन पहले उपराज्यपाल ने राज्य के एडवोकेट जनरल डी.सी. रैना के कानूनी सलाह के बाद निर्मल सिंह से स्पीकर के नाते दी जा रही तमाम सुविधाएं छीनने के आदेश जारी कर दिये हैं। बीजेपी नेता निर्मल सिंह को जल्द ही संवैधानिक पद से इस्तीफा देने के लिए कह दिया जायेगा।
 
दरअसल पिछले साल राज्य विधानसभा भंग होने और 31 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित होने के बावजूद भी निर्मल सिंह विधानसभा स्पीकर के पद पर जमे हुए हैं।
 
आपको बता दें कि 30 अप्रैल 2018 में मंत्रीपरिषद् में फेरबदल के दौरान निर्मल सिंह को एक स्पेशल सेशन में स्पीकर चुना गया था। उसके बाद 19 जून 2018 में महबूबा मुफ्ती सरकार से बीजेपी द्वारा समर्थन वापस लिये जाने के बाद सरकार गिर गयी थी। जिसके बाद 22 नवंबर 2018 को तत्कालीन राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने विधानसभा भंग कर दी थी। लेकिन निर्मल सिंह उसके बाद भी विधानसभा स्पीकर के पद पर बने हुए हैं।
 
जम्मू कश्मीर में स्पीकर को विधानसंभा भंग होने के बाद उसके पद से हटाने की प्रक्रिया और नियम साफ न होने की वजह से निर्मल सिंह सचिवालय के कामकाज में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते रहे।
 
लेकिन जम्मू कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम लागू होने के बाद माना जा रहा था निर्मल सिंह खुद इस्तीफा दे देंगे। लेकिन ऐसा न होने पर उपराज्यपाल ने खुद आदेश जारी कर उन्हें हटाने का फैसला लेना पड़ा।