केंद्रशासित प्रदेश बनने पर लद्दाख को मिली सौगात , लद्दाख स्काउट्स रेजीमेंट में शामिल हुये 164 जवान
   03-नवंबर-2019

 
लद्दाख स्काउट्स रेजीमेंट में शनिवार को 164 जवान शामिल हुये है। सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि एक लंबे प्रशिक्षण कार्यक्रम से गुजरने के बाद इन जवानों की भर्ती हुयी है। लद्दाख स्काउट्स रेजीमेंट में जवानों को शामिल करने के लिए लेह के रेजीमेंटल सेंटर में शनिवार को परेड कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। प्रवक्ता ने बताया कि परेड कार्यक्रम में रेजीमेंट में शामिल हुये जवानों के अभिभावकों के अलावा कई अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद थे। सैन्य अधिकारियों ने जवानों को बधाई दी।
 
 
 
 
जवानों ने देश की सेवा करने के लिये शपथ ग्रहण की। इस मौके पर मौजूद मेजर जनरल राय ने शानदार परेड के लिए जवानों को बधाई दी और उनसे देश की सेवा के लिये अपना जीवन समर्पित करने की अपील की। बता दें कि 31 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर लद्दाख केंद्रशासित प्रदेश बन गया है। लद्दाख उपराज्यपाल के रूप में राधा कृष्ण माथुर ने कार्यभार संभाला है।