जम्मू राहगीरों के लिये खुशखबरी , टोल टैक्स से मिलेगी राहत
   04-नवंबर-2019

 
जम्मू में बने नये टोल प्लाजा जल्दी ही हटेंगे। इससे ट्रांसपोर्टरों ,स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। दरअसल सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय ने जम्मू में 11 अक्टूबर को नया टोल प्लाजा स्थापित किया था। यह सरोर टोल प्लाजा सांबा जिले में स्थापित हुआ था। इसके खिलाफ ट्रांसपोर्टर्स बीते 1 महीने से विरोध प्रदर्शन कर रहे है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुये जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडगरी को पत्र लिखकर इसे हटाने की अपील की थी। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडगरी ने रविंद्र रैना के पत्र को संज्ञान में लेते हुये नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन को आदेश दिया है कि वो जल्द ही कार्रवाई करते हुये इन टोल प्लाजा को हटाये।
 
 
 
कम दूरी में 3 टोल प्लाजा
 
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कम दूरी में ही 3 टोल प्लाजा स्थापित किया है। पहला हीरानगर में राजबाग टोल प्लाजा, दूसरा जम्मू-कठुआ रोड पर सरोर टोल प्लाजा और तीसरा बन टोल प्लाजा था। 120 किलोमीटर के अंदर तीन टोल प्लाजा का शुल्क देना ट्रांसपोर्टरों के लिये काफी मंहगा पड़ रहा था।
ट्रांसपोर्टरों ने सरकार को चेतावनी देते हुये कहा था कि जब तक ये टोल प्लाजा नहीं हटता है। तब तक गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी। चक्का जाम होने से स्थानीय नागरिकों को भी दिक्कत हो रही थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडगरी ने नागरिकों की समस्या को समझते हुये हाइवे अथार्रिटी को कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
 
 
हल्के वाहनों को एक तरफ से 55 रुपये, बड़े वाहनों को 125 रुपये और कमर्शियल बड़े ट्रकों को 215 रुपये शुल्क भुगतान करना पड़ रहा था। कम दूरी में तीन जगह टोल टैक्स देना ट्रांसपोर्टरों और यात्रियों को बहुत महंगा पड़ रहा था। सरकार के इस फैसले से यात्रिओं और ड्राइवरों को बड़ी राहत मिली है।