“भारत माता की जय” नारों के साथ जम्मू में छात्राएं भी उतरीं सड़क पर, देश-विरोधी नारे लगाने वाले कश्मीरी छात्रों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
   14-Feb-2019
 
जम्मू में साइंस कॉलेज के पास देश विरोधी नारे लगाने वाले कश्मीरी छात्रों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहर में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। आज साइंस कॉलेज छात्रों के समर्थन में महिला कॉलेज गांधीनगर की छात्राएं भी सड़क पर उतरीं और जमकर नारेबाजी की, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी। छात्राओं ने अपनी मांगें दोहराते हुए कहा कि साइंस कॉलेज के छात्रों ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटों का वक्त दिया था। ताकि आरोपी छात्रों को गिरफ्तार किया जा सके। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गौरतलब है कि बुधवार को साइंस कॉलेज के छात्रों ने भी सड़क पर प्रदर्शन किया था, लेकिन उल्टे पुलिस ने उनपर ही लाठियां भांजी। साथ ही कई छात्रों पर केस दर्ज करने की भी खबर है।
 
 
 
 
 
उधर पुलिस प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक भारत विरोधी नारे लगाने वाले छात्रों की सीसीटीवी फुटेज और पुछताछ के आधार पर पहचान कर ली गयी है। जल्द ही उनको गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
 
 
 
 बुधवार को जेएंडके हाइकोर्ट बार एसोसिएशन, जम्मू ब्रांच ने भी प्रदर्शन किया था
 
दरअसल जम्मू कश्मीर में भारी बर्फबारी के चलते कश्मीर घाटी और जम्मू के बीच यातायात ठप्प पड़ा है। जिसके चलते हज़ारों छात्र और कश्मीरी पैसेंजर जम्मू शहर में फंसें हुए हैं। जाहिर है इनकी मुसीबत बढ़नी तय थी। साइंस कॉलेज जम्मू के पास एक बिल्डिंग में जमा कुछ कश्मीरी स्टूडेंट्स ने बदइंतजामी के विरोध में प्रदर्शन किया, जिसमें एंटी-इंडिया नारेबाज़ी भी की गयी। साइंस कॉलेज के छात्रों ने इसका विरोध किया तो वहां हंगामा खड़ा हो गया। आरोपी कश्मीरी छात्रों के विरोध में जम्मू में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था।