सोपोर में सुरक्षाबलों ने 2 जैश आतंकियों को फुरसत से निबटाया, पत्थरबाजी के बीच 18 घंटे चला एनकाउंटर
   22-फ़रवरी-2019

बारामूला के सोपोर इलाके में गुरुवार देर रात साढ़े 11 बजे से चल रहा एनकाउंटर आखिरकार खत्म हो गया। सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के 2 कमांडरों को मार गिराया। जिनके पास के 2 एके-47 रायफल समेत कई हथियार बरामद हुए हैं। दोनों आतंकियों की लाश बरामद करने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरी साइट को सेनिटाइज़ कर दिया है। 
 
दरअसल गुरुवार को सुरक्षाबलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर सोपोर इलाके के वारपोरा गांव में सर्च एंड कॉर्डेन ऑफ अभियान शुरू किया था। सर्च अभियान के दौरान आतंकियों ने एक मकान से गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। आशंका थी कि मकान में 2-3 आतंकी हो सकते हैं। इसके बाद रात भर रुक रुक कर गोलीबारी चलती रही। सुरक्षाबल एहतियात बरतते हुए ऑपरेशन को अंजाम दे रहे थे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सुबह एक आतंकी को मार गिराया। उसके बाद भी गोलीबारी रुक-रूक कर होती रही और शुक्रवार शाम सुरक्षाबलों ने दूसरे आतंकी को भी ढेर कर दिया।
 
बारामूला के डीआईजी अतुल कुमार गोयल ने बताया कि "कोलैट्रल डैमेज से बचने के लिए एनकाउंटर देर तक चला। करीब 5 घंटों तक आसपास रहने वाली करीब 45 फैमिली को एनकाउंटर साइट से बाहर निकाला गया। उसके 2 आतंकियों को मार गिराया गया।"
 

 
 बारामूला डीआईजी अतुल कुमार गोयल एनकाउंटर के बाद पत्रकारों से बात करते हुए 
 

 
एनकाउंटर साइट के पास दिन भर होती रही पत्थरबाजी
 
 
हालांकि कुछ स्थानीय पत्थरबाजों ने एनकाउंटर साइट पर आतंकियों को बचाने के लिए पत्थरबाज़ी भी की, लेकिन सुरक्षाबलों ने उनको नजदीक नहीं आने दिया। 18 घंटे चले इस एनकाउंटर की खास बात ये रही कि सुरक्षाबलों को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।