जवाहर टनल हिमस्खलन: 18 घंटे बाद भी फंसे हैं 8 पुलिसकर्मियों समेत 10 लोग, लगातार बर्फबारी से बचाव कार्य में रूकावट
   08-Feb-2019
 
 
गुरूवार शाम जम्मू कश्मीर के काज़ीगुंड-कुलगाम में जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर जवाहर टनल के पास जबरदस्त हिमस्खलन हुआ। जिससे वहां पुलिस पोस्ट पर तैनात 8 पुलिसकर्मियों समेत 10 लोगों के लापता होने की आशंका है। बताया जा रहा है हादसे के वक्त पुलिस पोस्ट पर तैनात 10 अन्य पुसिलकर्मी सेफ एरिया में पहुंचने में कामयाब हो गये थे। लेकिन कुल 10 लोग अभी भी फंसे हुए हैं, इनमें 4 जम्मू कश्मीर पुलिस के जवान, 2 डॉग-स्कवॉड के जवान, 2 फायर-सर्विस के जवान और 2 कैदी बताये जा रहे हैं।
 

 भारी बर्फबारी से पहले जवाहर टनल की तस्वीर
 
 
 बचाव-राहत के लिए टीम सुबह ही पहुंच पायी। क्योंकि पूरे इलाके में भारी बर्फबारी हो रही है। पिछले 24 घंटों में कुलगाम जिले में हुई बर्फबारी के चलते 5 फीट बर्फ जम गयी है। फिलहाल इलाके में तेज़ हवा और लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे बचाव-राहत कार्य में जुटी टीम को काफी मुश्किल हो रही है। जवाहर टनल बंद होने से कश्मीर घाटी बाकी हिस्से से कट गयी है। उधर हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आज अभी तक कुल 6 फ्लाइट कैंसिल की जा चुकी हैं।