J&K: हंदवाड़ा एनकाउंटर खत्म, 5 जवान शहीद, तीसरे दिन मारे गये 2 आतंकी
   03-मार्च-2019
 
 
नॉर्थ कश्मीर के हंदवाड़ा में 1 मार्च सुबह से चल रहे एनकाउंटर में आज 5वां जवान शहीद हो गया। शुक्रवार को आतंकियों की गोलीबारी में घायल सीआरपीएफ कांस्टेबल श्याम सिंह यादव आज सुबह वीरगति को प्राप्त हो गये। वो 48 घंटों से अस्पताल में थे। लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका है। उधर , कुपवाड़ा जिले के हंदवाडा में लंगेट एरिया के बाबागुंड गांव में एनकाउंटर सुबह करीब 11 बजे खत्म हो गया। जिसमें 2 आतंकी मारे गये। आतंकियों की पहचान अभी होनी बाकी है।
 
 
इससे पहले सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस के 4 जवान शहीद हो गये थे। जिसमें सीआरपीएफ के एक इंस्पेकटर पिंटू कुमार और कांस्टेबल विनोद समेत 2 जवान शामिल थे, जबकि बाकी दोनों जम्मू कश्मीर पुलिस के जवान थे, नसीर कोहली और गुलाम मुस्तफा। इंस्पेकटर पिंटू कुमार बिहार के बेगुसराय ज़िले के रहने वाले थे।
 

 
इसके अलावा 3 जवान घायल हुए थे, जिनको अस्पताल पहुंचाया गया था। इनमें सीआरपीएफ कमांडेंट भी शामिल है। दरअसल शुक्रवार को सुबह खबर आयी थी, कि 2 आतंकी मारे जा चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी रूक-रूक कर गोलीबारी जारी रही, जोकि दिन में रूकी गयी। इसके बाद जब सुरक्षाबलों की टीम साइट पर सर्च कर रही थी। तो 2 आतंकी मलबे से अचानक बाहर निकले और उन्होंने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। बेहद करीब से अचानक फायरिंग में एक साथ 7 जवान जख्मी हो गये।
 
 

 
 गाज़ियाबाद में शहीद विनोद कुमार के घर में पसरा मातम
 
 
आपको बता दें, कुपवाड़ा जिले के हंदवाडा में लंगाटे एरिया के बाबागुंड गांव में बीती रात ये एनकाउंटर शुरू हुआ था। शुरूआती जानकारी थी, कि यहां 2-3 आतंकी छिपे हुए हैं। सुबह खबर आई थी कि 2 आतंकी मारे गये, लेकिन आतंकियों की संख्या 2 से ज्यादा थी।
 
 
 
 
 
उधर एनकाउंटर साइट पर शुक्रवार को सुरक्षाबलों पर दिन भर भारी पथराव होता रहा। सुरक्षाबलों ने पत्थरबाज़ों को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की। जिसमें एक पत्थरबाज मारा गया था। जिसके बाद वहां पर पत्थरबाजों को दूर रखा गया।