डोमराजा से लेकर मदन मोहन मालवीय की मुंहबोली बेटी तक, ये हैं वाराणसी से उम्मीदवार मोदी के प्रस्तावक
   26-अप्रैल-2019
आज पीएम मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से दूसरी बार पर्चा भरा। पर्चा भरते हुए मोदी के प्रस्तावकों के नाम भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। पर्चा दाखिल करते समय मोदी के साथ थे मणिकर्णिका घाट पर रहने वाले डोमराजा जगदीश चौधरी, मदन मोहन मालवीय की मुंहबोली बेटी और 91 वर्षीय रिटायर्ड प्रिंसिपल अन्नपूर्णा शुक्ला, कृषि वैज्ञानिक राम शंकर पटेल और संघ कार्यकर्ता सुभाष गुप्ता। वाराणसी के आम लोगों ने अपने प्रस्तावकों में शामिल कर मोदी ने बेहद साफ संदेश दिया। माहौल उस वक्त काफी भावपूर्ण गया जब पीएम मोदी ने अन्नपूर्णा शुक्ला के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

पीएम नरेंद्र मोदी 2014 में जब चुनाव लड़े थे तो उनके नामांकन में प्रस्तावक बनारस घराने के गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र, रिटायर जज गिरिधर मालवीय, गंगा सेवक वीरभद्र निषाद और बुनकर अशोक कुमार बने थे। 
 
 

 
 
कलेक्टरेट पहुंचने से पहले मोदी ने काल भैरव मंदिर में पूजा भी की। मोदी के नामांकन भरने के दौरान एनडीए का एक तरह का शक्ति प्रदर्शन भी नजर आया। बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल, अन्नाद्रमुक नेता ओ पन्नीरसेल्वम और थम्बीदुरई, लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान, अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल और एनडीपीपी नेता और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो बनारस पहुंचे। नामांकन के दौरान की तस्वीरें-
 
 

 
 

 
 

 
 
इन सभी का भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने स्वागत किया। भाजपा की तरफ से शाह के अलावा उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, उत्तरप्रदेश के प्रभारी जेपी नड्डा, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहे।
 
 
 
कांग्रेस ने यहां 2014 में प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक अजय राय को फिर मैदान में उतारा है। वहीं, सपा-बसपा गठबंधन ने शालिनी यादव को टिकट दिया है। शालिनी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. श्यामलाल यादव के परिवार से हैं।