आर्टिकल 370 और 35A को हटाएगी बीजेपी, संकल्प पत्र में कश्मीरी पंडितों की वापसी सुनिश्चित करने का भी वायदा
   08-अप्रैल-2019

 
आज अपने संकल्प पत्र में बीजेपी ने जम्मू कश्मीर को लेकर अपनी नीति की स्पष्ट घोषणा कर दी है। बीजेपी ने भारतीय संविधान में जम्मू कश्मीर से जुड़े आर्टिकल 370 और 35A को हटाने की घोषणा कर दी है। कांग्रेस घोषणापत्र के ठीक उलट बीजेपी ने कहा है कि "हमने अपनी सख्त नीतियों के जरिये जम्मू कश्मीर में शांति बहाल करने की भरपूर कोशिश की है। हम राज्य के विकास और आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली तमाम बाधाओं को खत्म करने के पलिये प्रतिबद्ध है। हम अपने जन संघ के दृष्टिकोण को देहराते हुए 370 को हटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
 
आपको याद दिला दें कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में आर्टिकल 370 पर यथास्थिति बहाल रखने की घोषणा की थी। और यहां तक वायदा किया था कि किसी भी स्थिति में 370 में बदलाव नहीं होने दिया जायेगा।
 
 
 
वहीं बीजेपी ने आर्टिकल 35A को भी हटाने का वायदा किया है। संकल्प पत्र में बीजेपी ने कहा है कि वो 35A को महिला विरोधी और विकास विरोधी मानती है। इससे राज्य में विकास में बाधा उत्पन्न होती है। लिहाजा 35A को भी हटाया जाएगा।
 
बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में कश्मीरी पंडितों की घाटी में वापसी सुनिश्चित करने का भी वायदा किया है। साथ थी लाखों वेस्ट पाकिस्तानी शरणार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी घोषणा की है।
 
आपको याद दिला दें कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में कश्मीरी पंडितों और वेस्ट पाकिस्तान शरणार्थियों का ज़िक्र तक नहीं था।