हाफिज सईद पर पाकिस्तान का नाटक जारी, फिर किया गिरफ्तार, ये है वजह
   17-जुलाई-2019

पाकिस्तान में हाफिज सईद को फिर गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बार पंजाब प्रान्त पुलिस के काउंटर टेररिज़्म डिपार्टमेंट (CTD) ने सईद को तब गिरफ्तार कर लिया जब वह लाहौर से गुजराँवाला कोर्ट में पेश होने के लिए जा रहा था। सईद ज़मानत के लिए एंटी टेररिज़्म कोर्ट जा रहा था तभी उसे गिरफ्तार किया गया। पंजाब के चीफ मिनिस्टर के प्रवक्ता शाहबाज़ गिल ने इसकी पुष्टि की कि हाफिज सईद को गुजराँवाला से गिरफ्तार किया गया है।

 
 
 
सईद पर प्रतिबंधित संगठनों से फंडिंग लेने का आरोप है। उसे कोट लखपत जेल में जुडिशियल रिमांड पर रखा जाएगा। हाफिज सईद ने कोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज हुई उस एफआईआर को चैलेंज किया है जिसमें उसे लश्कर-ए-तय्यबा का सरगना बताया गया था। पाकिस्तान 26/11 के आरोपित हाफिज सईद को गिरफ्तार करने और छोड़ने का नाटक कई बार कर चुका है। सईद की गिरफ्तारी पर भारत के वकील उज्ज्वल निकम ने कहा कि पाकिस्तान दुनिया को बेवकूफ बना रहा है। 
 
 
 
इससे पहले पाकिस्तान की एंटी टेररिज्म कोर्ट ने सईद समेत उसके तीन साथियों को 50,000 रुपए के बॉन्ड पर अंतरिम जमानत दे दी थी। पाकिस्तान को FATF का डर है इसलिए दुनिया को दिखाने के लिए उसने सईद को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अगले हफ्ते इमरान खान अमेरिका के दौरे पर जा रहे हैं, उन्हें 22 जुलाई को ट्रंप से मुलाकात भी करनी है। इन सब घटनाक्रम के चलते सईद की गिरफ्तारी पाकिस्तान की बदनीयती को साबित करती है।