पाकिस्तान ने लाइन ऑफ कंट्रोल पर फिर किया सीजफायर उल्लंघन, 10 दिन के मासूम की मौत, माँ घायल
   29-जुलाई-2019

 
जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले के नियंत्रण रेखा पर रविवार शाम को पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करके गोलाबारी की। जिसमें 10 दिन का एक मासूम और मां फातिमा जान घायल हो गये। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका। घर वालों ने अभी तक मासूम का नाम तक नहीं रखा था।
 
खबरों के मुताबिक पाकिस्तान ने पुंछ जिले के केरनी, कस्बा और बंडी चेचियन इलाके में मोटार्र दागे। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तानी सेना के भारतीय ठिकानों पर गोले दागने के बाद भारत और पाकिस्तानी सेना के बीच भारी गोलाबारी हुई।
 
गौरतलब है कि पाकिस्तान लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। बीते शनिवार को भी पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन करके गोलाबारी की थी, जिसमें एक भारतीय जवान नायक राजिंदर सिंह शहीद हुआ था। हालांकि इसके बाद भारतीय सेना ने भी माकूल जवाब दिया था। जिसमें कई पाकिस्तानी पोस्ट को भारी नुकसान पहुंचा था।