5वां बैच अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू कैंप से रवाना, अब तक 40 हज़ार श्रद्धालुओं के किये दर्शन
   04-जुलाई-2019

 
 
1 जुलाई से शुरू हुई बाबा अमरनाथ धाम की पवित्र गुफा की यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है। आज जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से 5,522 यात्रियों का पांचवा जत्था दर्शन के लिए रवाना हुआ। जिसमें 871 महिलाएं और 31 बच्चे शामिल है, ये जत्था बालटाल और पहलगाम रूट के जरिये पवित्र गुफा तक पहुंचेगा। जत्थे के साथ सीआरपीएफ के जवान सुरक्षा के लिए तैनात किये गये हैं।
 
 

 
फोटो स्रोत- बासित जरगर
 
बुधवार को 13 हजार 800 श्रद्धालुओं के पवित्र गुफा में स्थापित अमरनाथ के दर्शन किये थे, जबकि अब तक दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 40 हजार को पार कर चुकी है।

 
फोटो स्रोत- बासित जरगर 
 
 
आपको बता दें कि अब तक डेढ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने अमरनाथ की यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलने वाली इस यात्रा के लिए 2 रूट हैं। एक अनंतनाग जिले से होते हुए 36 किमी लंबा पहलगाम ट्रैक, जबकि दूसरा है गांदरबल में बालटाल होते हुए 14 किमी लंबा ट्रैक। पिछले साल अमरनाथ धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2 लाख 85 हजार के आसपास थी। इस साल यात्रियों के लिए सुरक्षा के भारी इंतजाम और मेडिकल, लंगर समेत तमाम तरह की सुविधाओं का जबरदस्त इंतजाम किया गया है, लिहाजा इस साल अमरनाथ यात्रियों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।