नंदा देवी फतह करने गए पर्वतारोहियों का वीडियो आया सामने, ITBP ने बचाई जान
   09-जुलाई-2019



नंदा देवी पर्वत चोटी 

नंदा देवी पर्वत की चोटी पर चढ़ने के दौरान जान गँवाने वाले पर्वतारोहियों का हिमस्खलन से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आया है। एक्शन कैमरा में कैद हुए इस वीडियो को आईटीबीपी ने अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया है। वीडियो में एक कतार में चल रहे पर्वतारोहियों को चढ़ते हुए देखा जा सकता है।

यह कैमरा अंतिम पर्वतारोही के हैलमेट पर लगा था जिसका शव आईटीबीपी के जवानों को बर्फ में दबा मिला। आईटीबीपी ने इस एक मिनट 55 सेकेंड के वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “नंदा देवी पूर्व के पास अनाम शिखर के पास पर्वतारोहियों की टीम का अंतिम दृश्य। ITBP के खोजी दस्ते को 19 हजार फीट पर यह मेमोरी वीडियो डिवाइस मिला, जब वे उस इलाके की खोज कर रहे थे जहां शवों को देखा गया था.”


दरअसल नंदा देवी के पूर्व में 13 मई 2019 को 12 पर्वतारोहियों ने अभियान शुरू किया था लेकिन इस दौरान हिमस्खलन हुआ और पर्वतारोहण दल इस एवलांच की चपेट में आ गया। 4 लोग तो सुरक्षित बच गए लेकिन बाकी 8 लोग फँस गए थे। इन आठ लोगों में 4 ब्रिटिश, 2 अमेरिकी, एक आस्ट्रेलियाई और एक भारतीय नागरिक शामिल थे।


इनके शव चोटी पर देखे जाने के बाद आईटीबीपी पिछले दिनों 7 लोगों के शव निकाल चुकी है। टीमलीडर मार्टिन मोरन का शव अभी भी लापता है। मृतकों में जॉन चार्ल्स मैकलारेन, रिचर्ड पायने और रूपर्ट जेम्स व्हेवेल, अमेरिका के एंथनी एडवर्ड सुडेकम और रोनाल्ड इसाक बाइमेल तथा ऑस्ट्रेलिया की महिला पर्वतारोही रूथ मारग्रेट मैक केंस शामिल हैं और भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन के जनसंपर्क अधिकारी चेतन पांडेय शामिल हैं।

 

आईटीबीपी के उप महानिरीक्षक एपीएस नंबदिया के अनुसार यह फुटेज देखना उनके लिए चिंताजनक था। उन्होंने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि वीडियो उन्हें उनके मिशन में हुई गड़बड़ियों का विश्लेषण करने में मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि GoPro पर्वतारोहियों के आखिरी कुछ क्षणों में एक विमान के ब्लैक बॉक्स की तरह साबित हुआ है।