नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा सीजफायर उल्लंघन, एक भारतीय जवान शहीद
   17-अगस्त-2019

 
राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान ने शनिवार सुबह साढ़े छह बजे एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। जिसमें पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना की पोस्ट को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दागे। जिसके बाद भारतीय सेना ने भी जवाबी फायरिंग की। हालांकि इस हमले में भारतीय सेना के जवान लांस नायक संदीप थापा शहीद हो गए हैं। 35 वर्षीय लांस नायक संदीप थापा देहरादून, उत्तराखंड के रहने वाले थे। वो पिछले 15 साल से भारतीय सेना में थे।
 
बीते कुछ दिनों से पाकिस्तानी सेना कई बार सीजफायर का उल्लंघन कर चुकी है। 15 अगस्त को भी नियंत्रण रेखा पर पूंछ के कृष्णाघाटी सेक्टर में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। इसके अलावा उरी और राजौरी में भी पाकिस्तान ने सीजफायर उल्लंघन किया, जिसके बाद भारत द्वारा जवाबी फायरिंग में करीब 10 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे।
 
इसके बाद पाकिस्तान ने 16 अगस्त की रात को नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ कराने की कई बार नाकाम कोशिश की थी, जिसमें सतर्क भारतीय सेना ने हर बार पाकिस्तान की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम बना दिया था।