अमरनाथ यात्रा के बाद मचैल यात्रा भी निलंबित, श्रद्धालु अब देवी दुर्गा का नहीं कर सकेंगे दर्शन
   03-अगस्त-2019

 
जम्मू कश्मीर राज्य में आतंकी खतरे को देखते हुए अमरनाथ यात्रा के बाद अब मचैल तीर्थयात्रा को रोक दिया गया है। आतंकी खतरों को देखते हुए किश्‍तवाड़ जिला आयुक्त ने मां दुर्गा के मंदिर तक होने वाली मचैल यात्रा भी निलंबित कर दी है। किश्‍तवाड़ के जिला आयुक्त अंग्रेज सिंह राणा ने इस बात की जानकारी दी है। बता दें कि इससे पहले अमरनाथ यात्रा पर आतंकी खतरे की खुफिया सूचना मिलने के बाद राज्य सरकार की तरफ से एडवाइजरी जारी कर अमरनाथ यात्रा भी रोक दी गई है।
 
 
 
जम्मू कश्मीर के गृह सचिव ने अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को एडवाइजरी कर उन्हें तुरंत घाटी छोड़ने की सलाह दी है।एडवाइजरी के बाद अमरनाथ यात्री कश्मीर से वापस लौटने लगे हैं।
 
सावन के माह में मचैल यात्रा पवित्र मानी जाती है। जो कि किश्‍तवाड़ ज़िले में आयोजित की जाती है और यहां पर मां दुर्गा के दर्शन के लिए होने वाली मचैल यात्रा सावन के माह में सबसे पवित्र मानी जाती है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु मचैल माता के दर्शन के लिए जाते हैं। इस मंदिर में मां दुर्गा की आराधना होती है।
 
 
मचैल माता मंदिर का इतिहास
 
जिस जगह पर मचैल माता मंदिर है वहां पर भोत समुदाय के अलावा ठाकुर समुदाय के लोग रहते हैं। इस जगह को महाराजा रणबीर सिंह ने किश्‍तवाड़ में मिला दिया था। हजारों लोग खासतौर पर जम्‍मूवासी से इस मंदिर के दर्शन के लिए आते हैं। हर साल सिर्फ अगस्‍त में ही इस मंदिर के दर्शन किए जा सकते हैं। यहां पर मूर्तियां और पिंडी है जिसे चंदिका कहा जाता है। कहते हैं मंदिर में देवियों को जो गहने पहनाए गए हैं वे अपने आप ही हिलते हैं।
पर्यटकों से वापस लौटने की अपील
 
शुक्रवार को सरकार ने एक एडवाइजरी जारी कर अमरनाथ यात्रा के सभी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को कश्‍मीर से जल्‍द से जल्‍द चले जाने को कहा है। सरकार का कहना है कि यह फैसला घाटी में आतंकी खतरों की आशंका के चलते उठाया गया है। सरकार के मुताबिक यात्री और पर्यटक जितनी जल्‍दी हो सके घाटी से वापस चले जाएं। खराब मौसम के चलते पहले ही चार अगस्‍त तक अमरनाथ यात्रा स्‍थगित है।
 

 
 
इंडिगो एयरलाइंस में कैंसिलेशन फ़ी माफ
 
इंडिगो एयरलाइंस ने अपने ट्वीट करके ये जानकारी दी है कि “ श्रीनगर की वर्तमान सुरक्षा स्थिति और इसके बारे में सरकार की एडवाइजरी को देखते हुए, हम 09 अगस्त, 2019 तक श्रीनगर से सभी उड़ानों के लिए टिकट रद्द करने पर लगने वाले शुल्क को माफ कर रहे है” ।