श्री माता वैष्णों देवी प्राकृतिक गुफा का भव्य सोने का द्वार बनकर तैयार, नवरात्र की तैयारियां जोरों पर
   22-सितंबर-2019
 
 
श्री माता वैष्णों देवी धाम में पवित्र प्राकृतिक गुफा के द्वार पर भव्य स्वर्ण द्वार बनकर तैयार है। जल्द ही श्रद्धालू इस भव्य सोने के द्वार के दर्शन कर सकेंगे। ये एक स्थायी द्वार है, जोकि मौजूदा मार्बल के द्वार को विस्थापित करेगा। जिसका काम 3 महीने पहले शुरू हुआ था, जो अब पूरा होने वाला है। द्वार सिल्वर यानि चांदी से बना है, जिस पर सोने की खास कोटिंग चढ़ाई गयी है। इस काम को पूरा करने के लिए 20 से ज्यादा शिल्पकार चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।
 
 
श्री माता वैष्णों देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सिमरनदीप सिंह के मुताबिक इस द्वार को करीब 1100 किलो चांदी से बनाया गया है, जिस पर 10 किलो सोने से खास कोटिंग की गयी है।
 
 
द्वार पर वैष्णों देवी, महागौरी, सिद्धिरात्रि, कालरात्रि समेत माता के नवरूपों को उकेरा गया है। द्वार के ऊपर एक विशेष छत्र भी बनाया गया है।
 
 
 
द्वार के दांयी और मां लक्ष्मी की 6 फीट लंबी प्रतिमा उकेरी गयी है। जिसके लिए बांयी और विशेष पूजा स्थल भी बनाया गया है।
 
 

 
 
 
29 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्र के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। हॉलैंड, मलेशिया, सिंगापुर समेत कई अलग-अलग देशों से फूल मंगाये जा रहे हैं। जिससे धाम को सजाया जायेगा। नवरात्र के दौरान धाम के ट्रक को पूरी तरह से रोशनी से चमकाया जायेगा। इसके अलावा फ्री-लंगर की व्यवस्था भी की जा रही है, यहां व्रत रखने वालों के लिए भी विशेष प्रसाद की व्यवस्था होगी।
 
 
 
उम्मीद की जा रही है कि नवरात्र के दौरान 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालू माता के दर्शन करने पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा की दृष्टि से भी खास इंतजाम किये जा रहे हैं। करीब साढे 3 सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरा लगाये जा रहे हैं।