घाटी में हिमस्खलन की चपेट में आने से 5 नागरिकों की मौत, सुरक्षाबलों ने बर्फ में फंसे 160 पर्यटकों को किया रेस्क्यू
   14-जनवरी-2020

army_1  H x W:
 
जम्मू-कश्मीर में बीते सोमवार की रात भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आने से 5 नागरिकों की मौत हो गयी। गांदरबल के एसएसपी केएम पोसवाल ने बताया कि यहां पर करीब 4 इंच तक बर्फबारी हुई है। उन्होंने बताया कि दो बार हिमस्खलन की घटना हुई , जिसमें करीब 22 लोग बर्फ के नीचे दबे थे। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने सभी स्थानीय नागरिकों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। लेकिन उसमें 5 नागरिकों की मौत हो गई और अन्य कई नागरिक घायल हो गये थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
 
 
 
बर्फबारी में फंसे 160 पर्यटकों को सुरक्षाबलों ने किया रेस्क्यू
 
भारी बर्फबारी के बीच सोमवार को गुजरात राज्य के करीब 160 पर्यटक काजीगुंड में फंस गये थे। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने उन्हें निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गुजरात के करीब 160 लोगों का दल कश्मीर घूमने गया था, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण ये सभी लोग काजीगुंड में फंस गये थे। पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली, पुलिस की टीम ने सभी पर्यटकों को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। जिसके बाद पुलिस की टीम ने उन्हें ट्रेन से बनिहाल भेजा और वहां पर रेलवे रूम में उनकी रूकने और खाने की व्यवस्था की। फिर अगले दिन सभी यात्री वैष्णों देवी दर्शन के लिये कटरा रवाना हो गये।
 
 
वहीं भारी बर्फबारी के कारण पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा था। हालांकि मंगलवार को मौसम ठीक है और सभी पर्यटक इसका आनंद ले रहे है। भारी बर्फबारी के कारण अभी भी कई सड़क मार्ग बंद है, प्रशासन की तरफ से लगातार सड़क से बर्फ हटाने का कार्य जारी है।