केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि, “कश्मीरी पंडितों की घाटी में वापसी का वक्त आ गया है”

20 Jan 2020 12:48:17

jk_1  H x W: 0
 
अब वक्त आ गया है कि कश्मीरी पंडित अपने घर वापस लौटे और अपने अधिकारों को हासिल करें। कश्मीर पंडितों ने जीवन में बहुत कुछ खोया है, उनके साथ जिस तरह का बर्ताव हुआ है, वो सही नहीं था। लेकिन अब उनके पास वापस लौटने की उम्मीद है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने बीते रविवार को मीडिया से बातचीत में यह बात कही।
 
 
 
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कश्मीरी पंडितों का बहुत नुकसान हुआ है। इस दर्द को कोई समझ नहीं सकता है कि उन्होंने क्या खोया है, लेकिन अब हालात बदलेंगे। उन्होंने कहा कि हम कश्मीर घाटी में उनकी वापसी सुनिश्चित करेंगे। कश्मीरी पंडितों को पूरे सम्मान के साथ कश्मीर घाटी में पुनर्वास किया जाएगा और उनकी वापसी मोदी सरकार के इसी कार्यकाल में होगी। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35 ए निष्क्रिय होने के बाद राज्य में खुशहाली आयी है।
 
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में अपने जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत 9 केंद्रीय मंत्रियों ने रविवार को जम्मू क्षेत्र के नौ जगहों का दौरा किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कटरा, महेंद्रनाथ पांडेय ने धनशल, अर्जुन राम मेघवाल और जी.मुरलीधरन ने कठुआ, अनुराग ठाकुर एवं पीयूष गोयल ने जम्मू, जितेंद्र सिंह ने उधमपुर, आर.के.दोधा और अश्विनी चौबे ने सांबा का दौरा किया। केंद्र सरकार की तरफ 25 जनवरी तक 36 केंद्रीय मंत्री जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
Powered By Sangraha 9.0