लेह में राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप 2020 शुरू, महाराष्ट्र की महिला खिलाड़ियों की भी भागीदारी
लद्दाख के लेह जिले में गुरुवार से राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप 2020 की शुरूआत हो गयी है। आइस हॉकी चैंपियनशिप लेह के करज़ू रिंक में प्राकृतिक बर्फ पर खेला जा रहा है। इसमें पांचवीं राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप अंडर- २० और सातवीं महिला राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप खेली जा रही है। दोनों चैंपियनशिप का आयोजन इंडियन आइस हॉकी एसोसिएशन और लद्दाख विंटर स्पोर्ट्स क्लब ने किया है।
इस चैंपियनशिप में महाराष्ट्र की पांच महिला आइस हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया है। वहीं लद्दाख के स्थानीय खिलाड़ियों की पांच टीमों ने दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र और यूटी लद्दाख के नाम से टीम बनायी है। इन सभी टीमों ने सातवीं महिला राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप में भाग लिया हैं।