फ्रांस से जुलाई अंत तक 6 राफेल लड़ाकू विमान पहुंचेंगे भारत, IAF की बढ़ेगी और ताकत
   29-जून-2020
 

RAFALE_1  H x W

भारत-चीन के बीच जारी सीमा तनाव के बीच फ्रांस से 6 राफेल लड़ाकू विमान जुलाई अंत तक भारत पहुंचने की संभावना है। खबरों के मुताबिक फ्रांस से उड़ान भरने के बाद ये विमान भारत के अंबाला शहर स्थित एयर फोर्स स्टेशन पर लैंड करेंगे। पहले 4 राफेल विमान आने वाले थे, लेकिन अब 6 राफेल विमान भारत पहुंचेंगे। बता दें कि फ्रांस से ये विमान पहले मई में पहुंचने वाले थे। लेकिन कोरोना वायरस के कारण डिलिवरी में देरी हुई है। राफेल विमान मिलने से भारतीय वायुसेना की ताकत और बढ़ेगी।
 
 


भारत-चीन के बीच जारी तनाव की स्थिति में यह खबर बेहद महत्वपूर्ण है। जून की शुरुआत में ही भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पारले से टेलीफोन पर वार्ता की थी। इस दौरान फ्रांस की रक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया था कि कोरोना वायरस महामारी के बावजूद राफेल विमान तय समय के अनुसार भारत पहुंचेगा। बता दें कि राफेल विमानों को भारत लाने के लिए वन स्टॉप का इस्तेमाल किया जा रहा है। यानी फ्रांस से उड़ान भरने के बाद विमान यूएई के अल डाफरा एयरबेस पर उतरेगा। जहां पर फ्यूल से लेकर बाकी सभी टेक्निकल चेकअप के बाद राफेल विमान सीधे भारत के लिए उड़ान भरेंगे।