J&K में 6 महीने बाद खुले स्कूल, कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम
कोरोना महामारी के कारण बीते 6 महीने से बंद स्कूलों को खोलने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के तहत 21 सितंबर से हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों को खोलने की इजाजत मिली थी। जिसके तहत सोमवार को जम्मू-कश्मीर राज्य में 9 से 12 वीं कक्षा के विद्यार्थी स्वैच्छिक रूप से स्कूल जाते दिखे। जम्मू की शिक्षा निदेशक अनुराधा गुप्ता ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों, जोनल शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से स्कूल प्रिंसिपल व हेडमास्टर को पत्र जारी कर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जम्मू,श्रीनगर शिक्षा निदेशक ने स्कूल प्रशासन से कोविड संबंधी एसओपी का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आदेशों का पालन नहीं होने पर स्कूल प्रशासन पर कार्रवाई भी होगी। वहीं एसओपी के तहत सिर्फ रेड जोन से बाहर के ही स्कूल खुलेंगे और शिक्षण और गैर शिक्षण स्टाफ की 50 फीसदी ही उपस्थिति होगी।
बता दें कि शिक्षक छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाना जारी रखेंगे। वहीं छात्र स्वैच्छिक रूप से स्कूल आ सकते हैं लेकिन उसके लिए उन्हें अपने अभिभावकों से लिखित रूप में सहमति लेकर आना अनिवार्य है। श्रीनगर में एक छात्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं आज स्कूल आने के लिए वास्तव में बहुत उत्साहित हूं। उन्होंने कहा कि हमारे शिक्षकों ने हमारा बहुत समर्थन किया है। लेकिन कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुये हमें बहुत सी सावधानियां बरतनी होंगी।