कश्मीर में 11 महीने बाद फिर बहाल हुई रेल सेवा, यात्रियों को मिलेगी राहत
कश्मीर घाटी में करीब 11 महीने के बाद सोमवार को एक बार फिर से रेल सेवा शुरू हुई है। कोरोना महामारी के कारण कश्मीर में रेल सेवा बीते साल मार्च महीने से ही बंद थी। लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद रेल सेवा फिर से बहाल हो गई है। रेल सेवा शुरू होने से घाटी के लोगों को बड़ी राहत मिली है। उत्तर रेलवे के अधिकारी ने बताया कि बीते रविवार को बारामूला से बनिहाल के बीच 137 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर ड्राई रन किया गया था। जिसके बाद सोमवार की सुबह 9.10 बजे बारामूला से बनिहाल के लिए रेल दौड़ी है। उत्तर रेलवे श्रीनगर के चीफ एरिया मैनेजर साकिब युसूफ ने रेल में सफर करने वाले सभी यात्रियों से शारीरिक दूरी बनाए रखने का आग्रह किया है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि बहुत आवश्यकता होने पर ही रेल में सफर करें।
गौरतलब है कि बीते 19 मार्च 2020 को जम्मू कश्मीर प्रशासन की ओर से कश्मीर घाटी में रेलवे सेवा को बंद कर दिया गया था। जिसके बाद अब रेल सेवा को दोबारा बहाल किया गया है। अभी हाल ही में रेलमंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट करके कहा था कि ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना अगले वर्ष तक पूरी हो जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद कश्मीर रेल मार्ग के जरिए देश के दूसरों से हिस्सों से जुड़ जायेगा।