गणतंत्र दिवस हिंसा मामले में दो किसान नेता जम्मू से गिरफ्तार, साजिश रचने का आरोप
गणतंत्र दिवस पर राजधानी दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने जम्मू से एक प्रमुख किसान नेता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकाली थी। जिसमें जम्मू एंड कश्मीर यूनाइटेड किसान फ्रंट के अध्यक्ष 45 वर्षीय मोहिंदर सिंह और जम्मू के गोल गुजराल निवासी 23 वर्षीय मंदीप सिंह शामिल थे। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने दोनों किसान नेताओं को जम्मू से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इन दोनों ने लाल किले पर हुई हिंसा में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बीते सोमवार की रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद पूछताछ के लिए उन्हें दिल्ली लाया गया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ने में मदद मिली है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पीआरओ अनिल मित्तल ने बताया कि जानकारी के अनुसार दोनों लाल किले पर हुए दंगे के मुख्य साजिशकर्ता थे और सक्रिय रूप से इसमें हिस्सा भी लिया था। गौरतलब है कि केन्द्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते 26 जनवरी के दिन किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा हुई थी और कुछ प्रदर्शनकारियों ने लाल किले पर धार्मिक झंडा भी लगा दिया था। ट्रैक्टर परेड हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
वहीं मोहिंदर सिंह के परिवार ने उन्हें निर्दोष बताया है और तत्काल उनकी रिहाई की मांग की है। मोहिंदर सिंह की पत्नी ने कहा कि उन्होंने मुझे बताया था कि जम्मू पुलिस के वरिष्ठ अधीक्षक ने उन्हें बुलाया है और वह गांधी नगर पुलिस थाने जा रहे हैं। इसके बाद उनका फोन बंद आने लगा था। पुलिस से पूछताछ करने पर मुझे पता चला कि उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें दिल्ली लेकर जा रहे हैं। उनकी पत्नी ने कहा कि जब हिंसा हुई तब उनके पति लाल किले पर नहीं, बल्कि दिल्ली की सीमा पर थे।