एलजी मनोज सिन्हा ने शिवखोड़ी और बाबा बंदा सिंह बहादुर धार्मिक स्थल के विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश

20 Jul 2021 13:26:31
 
MANOJ SINHA_1  


उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अधिकारियों को रियासी जिले में शिवखोड़ी और बाबा बंदा सिंह बहादुर धार्मिक स्थल के विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मनोज सिन्हा ने इस साल जम्मू और श्रीनगर में फिल्मोत्सव के अलावा तीन मेगा सूफी महोत्सव के आयोजन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) का केंद्र भी स्थापित होगा। एलजी मनोज सिन्हा ने अधिकारियों के साथ सांस्कृतिक, कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी, अभिलेखागार एवं संग्रहालय व संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली और गतिविधियों की समीक्षा करने के दौरान यह बात कही। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि यह शंकराचार्य, नुंद रेशी, हब्बाखातून, देवी रूपा भवानी की धरती है। हमें इन महान विभूतियों के जन्मस्थलों, कर्मभूमि को विरासती स्थल के रूप में विकसित करना चाहिए, ताकि उनकी जीवनी और आदर्शों से हमारी युवा पीढ़ी आसानी से अवगत हो सके। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में पर्यटकों की आमद को और बढ़ाने के लिए धर्मस्थलों, स्मारकों और विरासती स्थलों के विकास और प्रचार पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
 

 
 

एलजी मनोज सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को पर्यटन व सांस्कृतिक प्रचार-विकास योजनाओं के एकीकरण के निर्देश दिए हैं। इससे पर्यटकों को ही नहीं स्थानीय लोगों को जम्मू कश्मीर की समृद्ध लोक संस्कृति का अनुभव होगा। उन्होंने शिवखोड़ी और बाबा बंदा सिंह जी बहादुर धार्मिक स्थल के विकास के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी करते हुए संबंधित अधिकारियों का इसके लिए समग्र और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। मनोज सिन्हा ने कहा कि संस्कृति विभाग को अपनी गतिविधियों और कार्यक्रमों का वार्षिक कैलेंडर तैयार करना चाहिए। इससे ना सिर्फ स्थानीय लोगों को बल्कि देश विदेश से जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटकों को भी जम्मू कश्मीर में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी मिलेगी। इससे पर्यटक उसके मुताबिक जम्मू-कश्मीर में यात्रा का कार्यक्रम बना सकेंगे, इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अकादमी के अधिकारियें को थियेटर फेस्टिवल, संगीत एवं नृत्य महोत्सवों , मुशायरों, कवि सम्मेलनों, सेमिनारों और साहित्यिक सम्मेलनो के जरिए जम्मू कश्मीर के साहित्य, कला व संस्कृति के प्रचार-प्रोत्साहन और विकास के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा है। बता दें कि अकादमी इस वर्ष प्रदेश में तीन मेगा सूफी महोत्सव कर रही है। इन महोत्सवों के कालेजों, विश्वविद्यालयों के अलावा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिठति जम्मू कश्मीर के स्थानीय सूफी कलाकारों की भागीदारी को भी सुनिश्चित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने में उनकी भी भागीदारी होनी चाहिए। संस्कृति विभाग के प्रशासकीय सचिव सरमद हफीज ने एलजी मनोज सिन्हा को जानकारी दी कि कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के पास अध्यात्म, रहस्यवाद, वेदांत, इस्लाम, भाषा, साहित्य, इतिहास, गणित, हस्तशास्त्र, राजनीति, समाज विज्ञान और संगीत पर आधारित 700 पांडुलिपियां और लघुचित्र हैं। इसके अलावा अकादमी के पास विश्वप्रसिद्ध चित्रकारों की 953 दुर्लभ पेंटिंग्स हैं। उन्होंने कहा कि जल्द आम लोगों के लिए इनकी प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अकादमी जल्द पर्यटन व सूचना विभाग के साथ समन्वय में श्रीनगर और जम्मू में फिल्म महोत्सव करने जा रही है। इसके अलावा श्रीनगर में एनएसडी भी अपना केंद्र स्थापित करेगा। संस्कृति विभाग के प्रशासकीय सचिव सरमद हफीज ने आगे बताया कि पत्नीटाप में साहित्यिक महोत्सव के अलावा सीमांत पर्यटन के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यक्रम किए जा रहे हैं। सभी विरासतस्थलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के अलावा दास्तान गोई (कहानी सुनाना) और सूफी संगीत समारोह होंगे।

Powered By Sangraha 9.0