उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, क्रॉस फायरिंग में एक जवान घायल
   19-सितंबर-2021

URI_1  H x W: 0


 जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सेना ने एक बड़े घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। जानकारी के मुताबिक रविवार तड़के सुरक्षा बल के जवानों को बारामूला जिले में उरी सेक्टर के करीब नियंत्रण रेखा के पास सीमापार पाकिस्तान की तरफ से कुछ घुसपैठिए आते देखे थे। जिसके बाद सेना ने घुसपैठियों को चेतावनी दी, लेकिन घुसपैठिए उसके बावजूद भारतीय सीमा के अंदर बढ़ने लगे। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने बिना समय गवाए घुसपैठियों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद अज्ञात घुसपैठियों ने भी भारतीय सेना के जवानों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू की। इस दौरान घुसपैठियों को जवाबी कार्रवाई में जवाब देते हुए एक जवान घायल हो गया, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने तुरंत घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जवान का इलाज जारी है। वहीं घुसपैठिए मौका पाकर वापस भागने में सफल हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक उरी समेत सभी नियंत्रण रेखा पर जवानों ने चौकसी बढ़ा दी है और जवान सतर्क होकर गश्त कर रहे हैं।
 

 


गौरतलब है कि अभी हाल ही में पुंछ जिले में सेना ने एक बड़े घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया था। घुसपैठिए पुंछ जिले की नियंत्रण रेखा के पास तड़के करीब 2 से 3 बजे के आस-पास घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान सेना ने घुसपैठियों को चेतावनी दी, लेकिन घुसपैठिए उसके बावजूद भारतीय सीमा के अंदर बढ़ने लगे थे। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने घुसपैठियों पर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि अंधेरा होने के कारण घुसपैठिए मौका पाकर वापस पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) की तरफ भागने में सफल हुए थे। वहीं तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को घुसपैठियों के कई सामान मिले थे। जिसमें खाने-पीने, बैग, कैमरा, दवाई समेत कई जरूरी सामान शामिल था।