सेना के PoJK वापसी वाले बयान से आहत हुईं ऋचा चड्ढा ; गलवान का जिक्र कर बलिदानी सैनिकों का किया अपमान
    24-नवंबर-2022
 
Richa Chadha Mocks Indian Army
 
 
बॉलीवुड इन दिनों अपने स्तरहीन हरकतों के कारण अपने दर्शकों के बिच निचले स्तर पर गिरता जा रहा है. बॉलीवुड इंडस्ट्री के तमाम छोटे बड़े कलाकार भी अपने बेतुके बयानबाजी और अपने खराब कॉमन सेंस और भारत विरोधी रुख की वजह से भी चर्चा में रहते हैं। लिहाजा यही कारण है कि आज बॉलीवुड हस्तियाँ अपने प्रसंशकों में अपनी विश्वसनीयता खोते जा रहे है। इसका ताजा उदाहरण बॉलीवुड की B-ग्रेड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा (Richa Chadha) हैं। ऋचा चड्ढा ने बुधवार (23 नवंबर 2022) को ट्विटर पर भारतीय सेना का मजाक उड़ाया है।
 
 
Galwan says hi..... (Richa Chaddha)
 
 
दरअसल भारतीय सेना के उत्तरी कमान के कमांडिंग-इन-चीफ उपेन्द्र द्विवेदी ने हाल ही में दिए अपने एक बयान में कहा था कि ''केंद्र सरकार जब आदेश करेगी तो सेना पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू कश्मीर यानि PoJK को वापस लेने के लिए तैयार है'' सेना की तरफ से दिया गया ये बयान अभिनेत्री ऋचा चड्ढा को इतना खटक गया कि उन्होंने इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय सेना का मजाक उड़ाया और गलवान घाटी को केंद्र में रखते हुए सेना पर ताना मारते हुए कहा कि 'गलवान आपको हाय (Galwan says hi) बोल रहा है'।
 
 
 

Richa Chadha Tweet  
 
 
 
भारतीय सेना के खिलाफ ऋचा चड्ढा ने इस तरह का बेतुका बयान देकर उन तमाम वीर बहादुर सैनिकों का अपमान किया है जिन्होंने अपनी वीरता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए गलवान घाटी में चीनी सैनिकों को धूल चटा दी थी। सेना पर इस तरह का घटिया बयान देकर ऋचा चड्ढा ने यह साबित कर दिया कि सामान्य ज्ञान पर उनकी कितनी पकड़ है। साथ ही वो भारतीय सेना के लिए किस तरह का सोच रखती है।
 
 
 
 
क्या है पूरा मामला ?
 
 
दरअसल जून 2020 में गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों की चीनी सैनिकों के साथ झड़प हो गई थी। दोनों देशों की सेनाओं के बीच हुई इस झड़प में भारतीय सैनिकों ने 38 से ज्यादा चीनी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। हालाँकि इस झड़प में सीमा की सुरक्षा करते हुए भारतीय सेना के 20 बहादुर सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी।
 
घंटों चली झड़प में कई चीनी सैनिक घायल भी हुए थे। हालाँकि चीन ने पहले तो इस बात को स्वीकारने से इंकार कर दिया किन्तु फरवरी 2021 में आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया था कि भारतीय सेना के साथ संघर्ष में चीन को नुकसान पहुंचा है। हालाँकि चीन ने आधिकारिक तौर पर अपने मृत सैनिकों की सही संख्या का खुलासा कभी नहीं किया। गलवान संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच लद्दाख में एक तनावपूर्ण युद्धविराम हुआ था। हालाँकि दोनों देशों ने क्षेत्र में करीब 60,000 सैनिक और उन्नत हथियार तैनात कर दिए थे।
 
 
ऋचा चड्ढा ने उड़ाया बलिदानियों का मजाक !
 
 
ऋचा चड्ढा को उस घटना का मजाक उड़ाते देखना बेहद ही हास्यास्पद है। ऋचा चड्ढा ने ऐसा कर के ना सिर्फ भारत बल्कि देश के वीर जाबांज सिपाहियों का भी मजाक उड़ाया है, जिन्होंने अपने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उन्हें संभवतः यह भी मालूम नहीं होगा कि भारतीय सैनिकों ने बिना किसी हथियार के चीनी सेना से बहादुरी से लड़ाई लड़ी और उन्हें पीछे धकेलने में कामयाबी हासिल की।
 
 
विवादों में आने के बाद मांगी माफ़ी
 
 
बहरहाल सेना पर अपने ट्वीट के बाद विवादों में घिरी ऋचा चड्ढा ने अपने ट्वीट को हटा लिया है। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक तौर पर माफ़ी भी मांगी है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मेरा इरादा कभी भी भारतीय सेना का मजाक उड़ना नहीं था। मुझे नहीं पता था कि मेरे तीन शब्द मुझे इस तरह से विवादों में खड़ा कर देंगे।