Tuesday, 17 June, 2025
नहीं रहे श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अमीरचंद जी, दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन
   21-मई-2022
 
Ameer Chand ji
 
 
श्री माता वैष्णो देवी की सेवा में अपना समस्त जीवन अर्पण करने वाले व मंदिर के मुख्य पुजारी रहे पंडित अमीरचंद जी का आज निधन हो गया। आज शनिवार सुबह करीब 8 बजे दिल का दौरा पड़ने से अचानक उनका निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक अमीरचंद पुजारी अपनी दिनचर्या के मुताबिक सुबह करीब 5:00 बजे उठे और सुबह पूजा अर्चना करते समय अचानक से उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजनों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के नारायण अस्पताल पहुंचाया। जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
 
निधन के खबर से दूरी शोक की लहर 
 
85 वर्षीय अमीरचंद पुजारी तीन-चार दिन पहले ही मां वैष्णो देवी के भवन पर मां वैष्णो देवी की दिव्य आरती करने के उपरांत कटड़ा स्थित अपने निवास स्थान लौटे थे। अमीरचंद जी के निधन का समाचार जैसे ही फैला पूरे कटरा में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी, उनके घर पहुंच गए। परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की।
 
शाम 4 बजे कटरा के श्मशान घाट पर होगा अंतिम संस्कार 
 
आज शनिवार शाम 4:00 बजे कटड़ा के श्मशान घाट पर अमीरचंद पुजारी जी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अमीरचंद पुजारी वैष्णो देवी भवन से अपने घर पौत्री की सगाई में शामिल होने के लिए आए थे। उनकी पौत्री पूर्वा पुत्री लोकेश पुजारी की आज शनिवार को सगाई होना तय हुआ था। उसी समारोह में शामिल होने के लिए वह घर आए थे। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी परंतु मां वैष्णो देवी को कुछ और ही मंजूर था। मां वैष्णो देवी ने अमीरचंद पुजारी जी को अपने चरणों में समा लिया।
 
 
 
 
बाबा श्रीधर के वंशज हैं अमीर चंद पुजारी 
 
मां वैष्णो देवी की पौराणिक कथा के अनुसार मां वैष्णो देवी के अनन्य भक्त बाबा श्रीधर को मां वैष्णो देवी के प्रथम पड़ाव गांव हसाली के पास भूमिका मंदिर में बाबा श्रीधर को मां वैष्णो देवी ने कन्या के रूप में दर्शन दिए थे। मां ने यह वरदान दिया था कि बाबा श्रीधर के वंशज ही उनकी पूजा-अर्चना करेंगे। तभी से ही बाबा श्रीधर के वंशज मां वैष्णो देवी की पूजा अर्चना सदियों से निरंतर करते आ रहे हैं। अमीरचंद पुजारी जी बाबा श्रीधर के वंशज हैं। मां वैष्णो देवी की पूजा अर्चना अमीरचंद जी के परिवार के सदस्य ही कर रहे हैं। अमीरचंद पुजारी के निधन का समाचार सुनते ही कटड़ा के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान उनके सम्मान में बंद हो गए हैं।
 
 
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया शोक  
 
जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने पंडित अमीरचंद जी के निधन पर दुःख जताते हुए ट्वीट किया, 'माता वैष्णो देवी के प्रमुख पुजारी अमीर चंद जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शोकाकुल परिवार व उनके अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना। ईश्वर से प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।' 
 
 
 
 
 
ताजा खबरे