जम्मू कश्मीर सरकार इन दिनों प्रदेश को विकास की पथ पर तेजी से आगे बढ़ाने की जुगत में जुटी हुई है. अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद से जम्मू कश्मीर को विकास की पटरी पर तेजी से दौडाने के लिए जम्मू कश्मीर प्रशासन ने अपनी कोशिशों को तेज कर दिया है. युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पर्यटन को बढ़ावा मिले इसके लिए तो तमाम कोशिशे की ही जा रही हैं। इसके आलावा प्रदेश में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में भी जम्मू कश्मीर सरकार तेजी से कदम आगे बढ़ा रही है।
ऊधमपुर जिले में महिला इंडस्ट्रियल एस्टेट किया जाएगा स्थापित
जम्मू कश्मीर प्रशासन से हाल ही में मिली जानकारी के अनुसार महिला उद्यमियों को मजबूत बनाने के लिए जम्मू कश्मीर के ऊधमपुर जिले में महिला इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थापित किया जाएगा। यह जम्मू कश्मीर में अपनी तरह का पहला महिला इंडस्ट्रियल एस्टेट होगा। इन दिनों जम्मू कश्मीर में महिला साक्षरता दर को बढ़ाते हुए उन्हें गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध करवा कर, अधिक से अधिक महिलाओं को उद्यमी बनाकर वित्तीय सहयोग उपलब्ध करवाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
महिला इंडस्ट्रियल एस्टेट से महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा
जम्मू कश्मीर के दूरदराज इलाकों में रहने वाले लोगों को डिजिटल बैंकिंग व वित्तीय सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए हाल ही में जम्मू कश्मीर ग्रामीण आजीविका मिशन ने सेल्फ हेल्प ग्रुप से 125 महिलाओं को प्रशिक्षण देने का कार्य किया है। इस सन्दर्भ में दैनिक जागरण में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक एक ग्राम पंचायत-एक डिजि-पे सखी मिशन के तहत पहले चरण में 2 हजार गांवों को कवर किया जाएगा। वहीं इस सन्दर्भ में जम्मू कश्मीर प्रशासन का कहना है कि प्रदेश में महिला इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थापित होने से महिला सशक्तिकरण को काफी हद तक बढ़ावा मिलेगा।
उप-राज्यपाल ने पिछले वर्ष डिजि पे सखी मिशन को किया था लांच
आपको बता दें कि उप-राज्यपाल ने पिछले वर्ष ''एक ग्राम पंचायत- एक डिजि पे सखी मिशन'' को लांच किया था। उस वक्त उन्होंने आधार आधारित पेमेंट सिस्टम डिजि पे सखी को वितरित किए थे। उप-राज्यपाल का कहना है कि डिजि पे सखी ने जम्मू कश्मीर के सेल्फ हेल्प ग्रुप में वित्तीय समावेश को शुरू किया है। इससे दूरदराज के इलाकों में पारदर्शिता आई है।
कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं
बैंकों में पैसा जमा करवाने के अलावा गांवों के लोग अतिरिक्त बैंकिंग व वित्तीय सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं जिसमें प्रधानमंत्री किसान धन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड के लिए पंजीकरण, आदि प्रमुख योजनाएं शामिल हैं। नारी शक्ति की सामाजिक व आर्थिक स्वतंत्रता की राष्ट्र की प्रगति में अहम स्थान है। प्रशासन ने महिलाओं के सामाजिक व आर्थिक विकास में मूवमेंट शुरू की है। प्रदेश में महिला सशक्तीकरण के लिए हौसला, तेजस्वनी, उम्मीद जैसी कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं।