UN में हुई PM मोदी की तारीफ ; SCO समिट में PM मोदी ने पुतिन को पढ़ाया था शांति का पाठ
   21-सितंबर-2022
 
Emmanuel Macron Praised Modi:

 

अमेरिका और फ्रांस ने UN असेंबली में PM मोदी की जमकर तारीफ की है। PM मोदी की यह तारीफ उनके समरकंद SCO समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई मुलाकात के दौरान दिए गए एक बयान को लेकर हो रही है। दरअसल PM मोदी ने SCO समिट में पुतिन से मुलाकात के दौरान रूस यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा था 'आज का युग युद्ध का नहीं है और इस बारे में कई बार आपसे कॉल पर बात की है'। अब PM मोदी के इस बयान को लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने न्यूयॉर्क शहर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के चल रहे 77वें सत्र के दौरान PM मोदी का जिक्र करते हुए उनके शांति के संदेश को सही बताया है।
 
 
इमैनुएल मैक्रों ने UN में किया PM मोदी के बयान का समर्थन
 
 
पीएम मोदी ने यूक्रेन युद्ध पर पुतिन को नसीहत देने के साथ ही दुनिया को भी संदेश भी दिया था। उन्होंने इस दौरान रूस और यूक्रेन के युद्ध को लेकर बेहद सकारात्मक तरीके से अपनी बात रखी थी। इमैनुएल मैक्रों ने UN में PM मोदी का जिक्र करते हुए कहा ''भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सही थे जब उन्होंने कहा कि समय युद्ध का नहीं है। यह पश्चिम के खिलाफ बदला लेने के लिए नहीं है या पूर्व के खिलाफ पश्चिम का विरोध करने के लिए नहीं है। यह हमारे सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने का समय है''।
 


 पीएम मोदी की बात को पुतिन ने स्वीकारा

 
प्रधानमंत्री ने यह बात उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन से इतर एक द्विपक्षीय बैठक के दौरान व्लादिमीर पुतिन से कही थी। इस दौरान पीएम मोदी को जवाब देते हुए पुतिन ने कहा था कि वह यूक्रेन संघर्ष पर भारत की स्थिति के बारे में जानते हैं। उन्होंने आगे कहा था कि वह चाहते हैं यह युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो।