देश के शूरवीरों को बड़ा सम्मान ; देश के परमवीरों के नाम पर रखा गया अंडमान-निकोबार के 21 द्वीपों का नाम
   23-जनवरी-2023
 
PM Modi names 21 largest unnamed Andaman & Nicobar islands. Find out names here
 
 
 
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज 126वीं जयंती है। लिहाजा आज पूरा देश नेताजी की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में माना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अंडमान निकोबार द्वीप समूह के 21 गुमनाम द्वीपों का नामकरण परमवीर चक्र विजेताओं के नाम से किया। साथ ही PM मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप पर बनने वाले नेताजी को समर्पित राष्ट्रीय स्मारक के मॉडल का भी अनावरण किया। वर्ष 2018 में अंडमान निकोबार द्वीप समूह के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए और नेताजी की स्मृति का सम्मान करने के लिए Ross Islands समूह का नाम बदलकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप रखा गया था।
 
 
PM मोदी का संबोधन  
 
 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि ''अंडमान की ये धरती वो धरती है जहां पहली बार तिरंगा फहराया गया था। जहां पहली बार स्वतंत्र भारत की सरकार बनी। आज नेताजी सुभाष बोस की जयंती है। देश इस दिन को पराक्रम दिवस के रूप में मनाता है। मोदी ने कहा, वीर सावरकर और देश के लिए लड़ने वाले कई अन्य नायकों को अंडमान की इस भूमि में कैद कर दिया गया था। 4-5 साल पहले जब मैं पोर्ट ब्लेयर गया था, तब मैंने वहां के 3 मुख्य द्वीपों को भारतीय नाम समर्पित किए थे।
 
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, जिन 21 द्वीपों को आज नए नाम मिल गए हैं, उनके नामकरण में कई संदेश निहित हैं। संदेश एक भारत, श्रेष्ठ भारत का है। यह संदेश हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी का है। मोदी ने कहा, सभी 21 परमवीरों का एक ही संकल्प था 'इंडिया फर्स्ट'। उन्होंने आगे कहा, आज इन द्वीपों के नामकरण से उनका संकल्प सदा के लिए अमर हो गया है। अंडमान की क्षमता बहुत बड़ी है। पिछले 8 सालों में देश ने इस दिशा में लगातार प्रयास किए हैं।उन्होंने कहा, दशकों तक देश की क्षमता को कम करके आंका गया। लेकिन अब भारत को आधुनिक विकास की ऊंचाइयों को छूने में सक्षम देश के रूप में देखा जा रहा है। भारत के द्वीप दुनिया को बहुत कुछ दे सकते हैं। लेकिन पहले इस क्षमता को पहचाना नहीं जाता था, कोई कार्रवाई नहीं की जाती थी।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
इन 21 द्वीपों के नाम परमवीर चक्र विजेताओं के नाम
 
 
1. INAN 198- नायक जदुनाथ सिंह (भारत-पाक युद्ध 1947)
 
2. INAN 474- मेजर राम राघोबा राणे (भारत-पाक युद्ध 1947)
 
3. INAN 308- ऑनरेरी कैप्टन करम सिंह (भारत-पाक युद्ध 1947)
 
4. INAN 370- मेजर सोमनाथ शर्मा (भारत-पाक युद्ध 1947)
 
5. INAN 414- सूबेदार जोगिंदर सिंह (भारत-चीन युद्ध 1962)
 
6. INAN 646- लेफ्टिनेंट कर्नल धन सिंह थापा (भारत-चीन युद्ध 1962)
 
7. INAN 419- कैप्टन गुरबचन सिंह (भारत-चीन युद्ध 1962)
 
8. INAN 374- कम्पनी हवलदार मेजर पीरू सिंह (भारत-पाक युद्ध 1947)
 
9. INAN 376- लांस नायक अलबर्ट एक्का (भारत-पाक युद्ध 1971)
 
10. INAN 565- लेफ्टिनेंट कर्नल अर्देशिर तारापोर (भारत-चीन युद्ध 1962)
 
11. INAN 571- हवलदार अब्दुल हमीद (भारत-पाक युद्ध 1965)
 
12. INAN 255- मेजर शैतान सिंह (भारत-चीन युद्ध 1962)
 
13. INAN 421- मेजर रामास्वामी परमेश्वरन (श्रीलंका में भारतीय शांति सेना के शहीद 1987)
 
14. INAN 377- फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों (भारत-पाक युद्ध 1971)
 
15. INAN 297- सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल (भारत-पाक युद्ध 1971)
 
16. INAN 287- मेजर होशियार सिंह (भारत-पाक युद्ध 1971)
 
17. INAN 306- कैप्टन मनोज पांडेय (कारगिल युद्ध 1999)
 
18. INAN 417- कैप्टन विक्रम बत्रा (कारगिल युद्ध 1999)
 
19. INAN 293- नायक सूबेदार बाना सिंह (सियाचिन में पाकिस्तान से पोस्ट छीनी 1987)
 
20. INAN 193- कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव (कारगिल युद्ध 1999)
 
21. INAN 536- सूबेदार मेजर संजय कुमार (कारगिल युद्ध 1999)
 
 
 
 
वहीं इस अवसर पर बॉलीवुड के कई बड़े अभिनेताओं ने केंद्र सरकार के इस कदम के लिए ख़ुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। इन श्रेणी में  मुख्यतः वो सितारे शामिल हैं, जिन्होंने पर्दे पर परमवीर चक्र विजेताओं का किरदार निभाया है।
 
 
 
 
अजय देवगन ने प्रधानमंत्री को कहा शुक्रिया
 
 
सेना पर बनी अनेक फिल्मों में शानदार अभिनय करने वाले फिल्म अभिनेता अजय देवगन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर अंडमान निकोबार द्वीपों के नाम रखे जाने के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, 'कैप्टन मनोज कुमार पांडे (परमवीर चक्र) के नाम पर द्वीप का नाम रखने का यह फैसला यह यकीन दिलाता है कि इन महान लोगों ने जो हमारे देश के लिए बलिदान दिया है वह हमारी आगे आनेवाली पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। आपका बहुत बहुत धन्यवाद प्रधानमंत्री मोदी''।
 
 
 
 
सिद्धार्थ मल्होत्रा 
 
 
फिल्म 'शेरशाह' में कैप्टन विक्रम बत्रा की भूमिका निभाने वाले फिल्म अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा भी इस खबर से काफी खुश और रोमांचित हैं। उन्होंने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि 'अंडमान निकोबार के एक द्वीप का नाम हमारे हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा के नाम पर रखा गया है और इस शानदार खबर ने गूज़बम्प्स खड़े कर दिए हैं। मेरा दिल गर्व से भर गया है कि मुझे स्क्रीन पर उनकी भूमिका को निभाने का मौका मिला। पीएम मोदी के इस कदम ने यह पक्का कर दिया कि शेरशाह हमेशा जिंदा रहेगा।'
 
 
 
 
सुनील शेट्टी  
 
 
सुनील शेट्टी ने भी पीएम मोदी के इस कदम की सराहना करते हुए अपनी ख़ुशी जाहिर की है। सुनील शेट्टी ने लिखा कि 'सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती पर 21 द्वीपों का नाम 21 परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखने के लिए आपका धन्यवाद आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी। ये हमारे देश के सच्चे हीरो हैं। हमें गर्व है। जय हिंद। 
 
 
 
 
 
अनुपम खेर
 
फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने लिखा, 'नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती के अवसर पर अंडमान-निकोबार के 21 द्वीपों का नाम 21 परम वीर चक्र पुरस्कार विजेताओं के नाम पर रखा जा रहा है। सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को कोटि-कोटि नमन। जय हिन्द।'