
पाकिस्तान में बैठे एक और खालिस्तानी आतंकी 'लखबीर सिंह रोडे' की मौत (Khalistani Terrorist Lakhbir Singh Rode Died In Pakistan) से जुड़ी खबर सामने आ रही है। पाकिस्तानी मीडिया में दावा किया जा रहा है कि 72 वर्षीय आतंकी लखबीर सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई है। जबकि वहीं दूसरी तरफ कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि आतंकी 'लखबीर सिंह रोडे' की मौत के पीछे भी अज्ञात हमलावरों का हाथ है। खुफिया एजेंसियों ने उसकी मौत की पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में कुछ अज्ञात हमलावरों ने आतंकी लखबीर सिंह रोडे की पीठ में एक सिरिंज घुसा दी थी। कहा जा रहा है कि उस सिरिंज में जहरीली दवा थी, जिसका असर होते ही लखबीर सिंह रोडे की हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ता देख उसे कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई है। उसकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
कौन है आतंकी लखबीर सिंह रोडे ?
गौरतलब है कि लखबीर सिंह रोडे खालिस्तानी आतंकी था और जरनैल सिंह भिंडरवाले का भतीजा था। वह इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन का चीफ भी था। यह संगठन कनाडा समेत कई पश्चिमी देशों में फैला हुआ है। इसके साथ ही लखबीर सिंह रोडे प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स का भी प्रमुख था। खुफियों एजेंसियों के मुताबिक आतंकी लखबीर इन दिनों काफी वक्त से पाकिस्तान के लाहौर में रह रहा था और वहीँ से बैठकर भारत विरोधी साजिशों को अंजाम देने में जुटा था। TOI की रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकी लखबीर सिंह रोड़े को एक बार नेपाल में 20 किलो RDX के साथ गिरफ्तार किया गया था। जानकारी के मुताबिक यह RDX उसे पाकिस्तान से मिला था। खालिस्तानी आतंकी ने 2021 में लुधियाना कोर्ट में ब्लास्ट की योजना बनाई थी। गिरफ़्तारी से बचने के लिए आतंकी लखबीर सिंह दुबई होते हुए पाकिस्तान भाग गया था, हालांकि उसका परिवार कनाडा में रह रहा है।
2022 में जारी 20 आतंकियों की लिस्ट में रोडे का नाम भी शामिल
वर्ष 2022 में हमेशा की तरह भारत ने देश विरोधी आतंकियों की एक लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में 20 भारत विरोधी आतंकियों का नाम शामिल था, जिसमें रोडे का नाम भी था। आतंकियों की इस रिपोर्ट को वर्ष 2022 में भारत ने पाकिस्तान को सौंपी थी। खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह पर पाकिस्तान में बैठकर ISI के इशारे पर भारत में अलगाववादी गतिविधियों और हमलों की योजना बनाने का आरोप था। 15 सितंबर 2021 को पंजाब के फाजिल्का में एक टिफिन बम बलास्ट हुआ था। NIA की जांच में खुलासा हुआ था कि इस हमले के पीछे लखबीर सिंह रोडे का हाथ था। साल 2021 से 2023 के दौरान लखबीर सिंह रोडे की 6 आतंकी घटनाओं में सक्रिय संलिप्तता पाई गई थी। वह पाकिस्तान में बैठकर सीमापार से भारत में नशीले पदार्थ, हथियार, टिफिन बम और विस्फोटक भेज रहा था। यहाँ तक कि कई VVIP लोगों की टारगेट किलिंग में भी उसका हाथ रहा। हाल ही में वह पंजाब के बड़े गैंगस्टरों के साथ मिलकर आतंकी और आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ UAPA के तहत केस दर्ज है। NIA ने हाल ही में मोगा में उसकी जमीन जब्त की थी। NIA उसके खिलाफ आतंक से जुड़े 6 मामलों की जांच कर रही है।