Jammu Kashmir में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ ; पुंछ में 10 किलो IED और हथियार बरामद
    18-मई-2023
 
Poonch IED Recovered
 
 
 
जम्मू संभाग के पुंछ जिले में देर रात सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। सुरक्षाबलों ने गुप्त सूचना के आधार पर एक तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। उपमंडल मेंढर के दूरदराज गांव में सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में IED और हथियार बरामद किए हैं। हथियार बरामद होने के बाद सुरक्षाबलों ने इस ठिकाने को ध्वस्त कर दिया है। इसके अतिरिक्त साथ ही आस पास से सटे इलाके में गहन तलाशी अभियान भी चलाया गया है।
 
 
जानकारी के अनुसार, पुंछ के उपमंडल मेंढर के गांव कस्बलारी में बुधवार देर रात 39 राष्ट्रीय राइफल्स और विशेष अभियान समूह द्वारा एक तलाशी अभियान चलाया गया। इसमें सेना के खोजी कुत्तों को भी शामिल किया गया था। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक संदिग्ध ठिकाने से करीब 10 किलो विस्फोटक उपकरण (आईईडी), 1 चीनी पिस्तौल, 1 ग्रेनेड, 2 डेटोनेटर बरामद किए।
 
 
मामले की जानकारी होने के बाद मौके पर बम निरोधक दस्ता पहुंचा और विस्फोटक सामग्री को नष्ट कर दिया। मेंढर के थाना प्रभारी सज्जाद अहमद ने कहा कि संदिग्ध आईईडी को बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि गांव के सरपंच और क्षेत्र के अन्य प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति में इसे नष्ट कर दिया गया। मामले में आगामी जांच की जा रही है। सुरक्षाबलों की सतर्कता के कारण जम्मू कश्मीर में बड़ी आतंकी घटना घटित होने से बाख गई।