जम्मू-कश्मीर में दर्दनाक हादसा ; गहरी खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी बस, 10 की मौत कई घायल

30 May 2023 11:38:15

Katra Road Accident Mata Vaishno Devi devotes
 
 
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी बस एक बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अब तक 10 श्रद्धालुओं के मौत पुष्टि की जा चुकी है। इसके अलावा कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं से भरी यह बस अमृतसर से कटरा जा रही थी, जिसमें सभी यात्री वैष्णो देवी में दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी यात्री बिहार के रहने वाले थे। बहरहाल मृतकों के शव पंचनामे के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
 
 
हादसे की जांच शुरू  
 
 
हादसे के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारीयों ने बताया कि यह बस दुर्घटना जम्मू जिले के कटरा से करीब 15 किलोमीटर दूर झज्जर कोटली के पास हुई। जम्मू उपायुक्त (डीसी) अवनी लवासा ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 10 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। इसके अलावा 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।  पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को जीएमसी जम्मू लाया गया है। 12 अन्य को स्थानीय सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हालाँकि यह घटना कैसे हुई, इस बात की जानकारी अभी नहीं हुई है। फिलहाल केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही जिन यात्रियों को होश है, उनसे पूछताछ की जा रही है और उनके परिजनों को सूचित करने का काम किया जा रहा है।  
 
 
 
 
बहरहाल बताया जा रहा है कि बस में करीब 75 लोग सवार थे। घायलों की संख्या कितनी है इस बात की अभी जानकारी नहीं हो सकी है। India Today की रिपोर्ट्स के मुताबिक बस में सवार सभी यात्री मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए परिवार के सभी करीबी सदस्य अमृतसर से बस के जरिये कटरा जा रहे थे। मुंडन समारोह के बाद उनके माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा करने की योजना थी। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते, दक्षिण कश्मीर संभाग के बारसू अवंतीपोरा में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पर्यटक बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस हादसे में 5 लोग घायल हो गए थे। हादसे के शिकार हुए पर्यटक कोलकाता के थे।  
 
 
मनोज सिन्हा ने जताया शोक
 
जम्मू में हुए इस दर्दनाक बस हादसे को लेकर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि हादसे में हुई लोगों की मौत से बेहद आहत हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति के प्रति मेरी गहरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना। घायलों को हर संभव सहायता और उपचार प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दे दिए गए हैं।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
Powered By Sangraha 9.0