जम्मू संभाग में तिरुपति बालाजी मंदिर बनकर हुआ तैयार ; वैदिक मंत्रोचारण के साथ आज से श्रद्धालुओं के लिए खुले मंदिर के कपाट
   08-जून-2023
 
 Sri Venkateswara Swamy Temple
 

जम्मू संभाग के सिधरा में सबसे बड़ा तिरुपति बालाजी का मंदिर बनकर तैयार हो गया है। करीब 62 एकड़ भूमि पर 25 करोड़ रुपये की लागत से बने इस मंदिर को आज से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। इस भव्य मंदिर का निर्माण कार्य 2 साल की अवधि में पूरा किया गया था। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू संभाग के सिधरा में स्थित प्रदेश के पहले तिरुपति बालाजी मंदिर का उद्घाटन किया।

 
 
 
 
आपको बता दें कि मंदिर का उद्घाटन वर्चुअल तरीके से गृहमंत्री अमित शाह ने करना था परंतु व्यस्तता के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने गृहमंत्री की ओर से इसके लिए क्षमा मांगते हुए बताया कि अमित शाह जी ने यह वायदा किया है कि वह जब कभी भी जम्मू में किसी कार्यक्रम के लिए आते हैं तो वह सबसे पहले भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करेंगे उसके बाद ही किसी अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
 
 
 
 
 
8 फुट ऊंची भगवान वेंकेटेश्वर की मूर्ति
 

मंदिर के गर्भ ग्रह में 8 फुट ऊंची भगवान वेंकेटेश्वर की मूर्ति स्थापित की गई है। इस मूर्ति को बनाने में ग्रेनाइट का इस्तेमाल किया गया है। मां वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले भक्त अब यहां तिरुपति बालाजी के दर्शन भी कर सकेंगे। बता दें जम्मू का ये मंदिर तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) द्वारा बनाया गया छठा बालाजी मंदिर होगा। इससे पहले TTD ने हैदराबाद, चेन्नई, कन्याकुमारी, दिल्ली और भुवनेश्वर में इस तरह के मंदिरों का निर्माण कराया था।

 
मंदिर से जुड़ी खास बातें


यह मंदिर जम्मू और कटरा के बीच के रास्ते में पड़ेगा। जिससे माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले भक्त आसानी से यहां तिरुपति बालाजी मंदिर के दर्शन भी कर सकेंगे।

जानकारी अनुसार इस मंदिर को बनाने में करीब 33.22 करोड़ रूपये खर्च किए गए हैं।
 
जम्मू तिरुपति बालाजी मंदिर सिद्दड़ा के मजीन गांव में 62 एकड़ भूमि में तैयार किया गया है।
 
मंदिर के परिसर में वेद पाठशाला, हॉस्टल, कल्याणमंडपम और वहानमंडपम का निर्माण किया गया है।
 
गर्भ ग्रह में 8 फुट ऊंचे भगवान वेंकेटेश्वर की मूर्ति स्थिापित की गई है।
 
आंध्र प्रदेश के ही 50 से अधिक कारीगरों ने इस मंदिर का निर्माण किया है। जून 2021 में मंदिर का शिलान्यास किया गया था।
 
 
 
Balaji Temple in Jammu
 
 
श्रद्धालुओं के लिए कई तरह की सुविधाएं
 

करीब 62 एकड़ भूमि पर बने इस भव्य मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए कई तरह की सुविधाएं मौजूद हैं। जैसे मंदिर के परिसर में वेद पाठशाला, हॉस्टल, कमरे, कल्याण मंडपम एवं वहान मंडपम का निर्माण किया गया है। गत बुधवार को आंध्र प्रदेश से आए 45 के करीब विद्वान पंडितों के द्वारा पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रों के साथ मूर्तियां प्रतिष्ठापित की गईं। इस दौरान काफी संख्या में भक्तजन पहुंचे थे। उपराज्यपाल ने जम्मू वासियों के लिए इस अवसर को आलौकिक बताते हुए कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि त्रिकुट पर्वत पर मां वैष्णो, कश्मीर में बाबा अमरनाथ और अब शिवालिक वनों में भगवान वेंकटेश्वर लोगों का कल्याण करने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।