Ayodhya Ram Mandir : 22 जनवरी को प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में होने वाले प्रभु श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर केंद्र की मोदी सरकार ने बड़ा फैसला किया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह (Ayodhya Ram Mandir) को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए इस खास दिन पर सरकारी दफ्तरों में हॉफ डे वर्क का निर्णय लिया है। समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के अभिषेक के अवसर पर 22 जनवरी को सभी केंद्र सरकार के कार्यालय आधे दिन के लिए बंद रहेंगे। दफ्तरों को आधे दिन बंद रखने का फैसला भक्तों की भारी भावनाओं को देखते हुए लिया गया है।
22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्रभु श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। भव्य राम मंदिर के उद्घाटन से पूर्व देश ही नहीं विदेशों में भी राम नाम की धूम है। चारों तरफ राम मय का वातावरण है। 22 जनवरी यानि प्राण प्रतिष्ठा की तारीख में अब महज 4 दिनों का समय शेष बचा है। उससे पहले गत बुधवार रात प्रभु श्री राम लला की दिव्य प्रतिमा को क्रेन की मदद से भव्य राम मंदिर में लाया गया। आज विधि विधान से पूजन के बाद राम लला की प्रतिमा को गर्भगृह में स्थापित किया गया, जिसके बाद 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन होगा।
UP समेत 5 राज्यों में सार्वजनिक अवकाश
गौरतलब है कि इससे पहले भक्तों की भारी भावनाओं को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान कर दिया था। 22 जनवरी को सरकारी व प्राइवेट शिक्षण संस्थान पूरी तरह से बंद रहेंगे। साथ ही इस दिन शराब की दुकाने भी बंद रहेंगी। UP के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा और हरियाणा में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। साथ सभी देशवासियों से अपील गई है कि वे 22 जनवरी को अपने अपने घरों में राम ज्योति जलाएं और धूम धाम से दीपावली मनाएं।