कर्नाटक में मिली भगवान विष्णु की प्राचीन प्रतिमा ; आभा बिल्कुल प्रभु श्री रामलला जैसी

    07-फ़रवरी-2024
Total Views |

Vishnu Idol found in karnataka 
 
अयोध्या में नवनिर्मित प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर में स्थापित बालस्वरूप प्रभु श्री रामलला की छवि जिसने भी देखी उसके मन से वो छवि उतर नहीं सकती। प्राण प्रतिष्ठा के बाद उस प्रतिमा की दिव्यता और अधिक बढ़ गई, जिसने सभी का मनमोह लिया।  इस बीच आपको यह जानकर बेहद आश्चर्य होगा कि प्रभु श्री राम की प्रतिमा के जैसी भगवान् विष्णु की एक प्राचीन प्रतिमा कर्नाटक में मिली है। दरअसल तेलंगाना की सीमा के पास कर्नाटक में कृष्णा नदी से सदियों पुरानी भगवान विष्णु की एक प्राचीन प्रतिमा मिली है। भगवान विष्णु की यह प्रतिमा हुबहू रामलला से मिलती जुलती है। इस नदी से भगवान विष्णु की प्रतिमा के साथ-साथ शिवलिंग भी मिला है। साथ ही इन प्रतिमाओं को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह दोनों ही प्रतिमाएं हजारों वर्ष पुरानी हैं। 
 
 
Vishnu Idol found in karnataka
 
 
प्रतिमा की विशेषता :-
 
 
प्रतिमा मिलने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को अपने कब्जे में लिया। इस बारे में जानकारी साझा करते हुए अधिकारियों ने आज बुधवार 7 फरवरी को बताया कि कर्नाटक के रायचूर जिले के एक गांव में कृष्णा नदी से हाल में भगवान विष्णु की एक प्राचीन प्रतिमा मिली है। प्रतिमा के चारों ओर भगवान विष्णु के 10 अवतार को बेहद बारीकी से तराशा गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिमा इसलिए भी खास है क्योंकि कि इस प्रतिमा की अधिकांश विशेषताएं अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में प्रतिष्ठित बाल स्वरूप श्री 'रामलला' की मूर्ति से मिलती जुलती हैं। विष्णु की मूर्ति खड़ी स्थिति में है, जिसके चारों ओर एक आभामंडल है, जो उनके 10 अवतारों को दर्शाता है। 
 
 
 
 
 
प्रतिमा पर पुरातत्व विशेषज्ञ की प्रतिक्रिया
 
 
सदियों पुरानी भगवान विष्णु की इस प्रतिमा पर रायचूर विश्वविद्यालय में प्राचीन इतिहास और पुरातत्व के व्याख्याता डॉ. पद्मजा देसाई ने विस्तार से बताया है। उन्होंने कहा है कि यह प्रतिमा किसी मंदिर के गर्भगृह की नहीं होगी,बल्कि ऐसी संभावना है कि भूतकाल में किसी मंदिर को तोड़ने के बाद इस प्रतिमा और प्राचीन शिवलिंग को नदी में फेंका दिया गया होगा। प्रतिमा और नदी से मिले शिवलिंग के पत्थर को देख कर ऐसा माना जा सकता है कि नदी से मिली ये प्रतिमा और शिवलिंग तक़रीबन 1,000 वर्ष पुराने हो सकते हैं।  पुरातत्वविदों का मानना ​​है कि यह मूर्ति 11वीं या 12वीं शताब्दी की है। बहरहाल अब भगवान विष्णु की प्रतिमा और शिवलिंग 'भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण' यानि (ASI) के अधिकार क्षेत्र में हैं। इसकी उम्र के बारे में पता लगाने के लिए जांच जारी है।