अरब सागर में भारतीय नौसेना ने फिर दिखाई ताक़त ; समुद्री लुटेरों से ईरानी जहाज़ को किया रेस्क्यू

23 पाकिस्तानी नागरिकों की भी बचाई जान

    30-मार्च-2024
Total Views |

Arabian sea operation's  
 

भारतीय नौसेना के वॉरशिप INS सुमेधा ने गत शुक्रवार यानि (29 मार्च) को ईरानी फिशिंग वेसल अल-कंबर से 23 पाकिस्तानी नागरिकों को सोमालिया के समुद्री लुटेरों से सुरक्षित रेस्क्यू किया। भारतीय नौसेना ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल X पर इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार शाम उनकी टीम को हिंद महासागर में अदन की खाड़ी के पास ईरान के जहाज के हाईजैक होने की सूचना मिली थी। जहाज़ में सोमालिया के 9 समुद्री लुटेरे सवार थे।




नौसेना ने बताया कि हाईजैक हुआ यह जहाज यमन के सोकोट्रा द्वीप से साउथ-वेस्ट में करीब 166 किमी की दूरी पर था। नौसेना को हाइजैक की जैसे ही जानकारी मिली भारतीय नौसेना ने अपने युद्धपोत INS सुमेधा को पहले ईरानी जहाज को रोकने के लिए रवाना किया। इसके बाद दूसरे युद्धपोत INS त्रिशूल की मदद से नेवी ने जहाज को लुटेरों से रेस्क्यू किया। यह पूरा ऑपरेशन क़रीब 12 घंटों तक चला। ऑपरेशन को सफल बनाते हुए नौसेना की टीम ने सोमालिया के लुटेरों को सरेंडर करने के लिए मजबूर किया। फिलहाल टीम जहाज की जांच कर रही है। इसके बाद इसे सुरक्षित जगह ले जाया जाएगा। 

 
 
 
 
अब तक हुई हाईजैक की घटनाएँ 
 
 
5 मार्च माल्टा में हाईजैक हुआ जहाज


हालाँकि ऐसा पहली दफ़ा नहीं है इससे पहले भी भारतीय नौसेना ने समुन्द्री लुटेरों से हाईजैक हुए जहाज़ों का रेस्क्यू किया है। इससे पहले क़रीब चार हाईजैक की घटनाएँ हो चुकी हैं और इन सभी घटनाओं के दौरान भारतीय नौसेना ने अपनी बहादुरी से समुद्री लुटेरों के क़ब्ज़े से जहाज़ों को सुरक्षित बचाने का काम किया। भारतीय नौसेना ने 3 महीने पहले 14 दिसंबर को अदन की खाड़ी में हाईजैक हुए जहाज MV रुएन को बचाने के लिए ऑपरेशन चलाया। यह ऑपरेशन 15 मार्च को पूरा किया। ऑपरेशन भारत के समुद्री तट से 2800 किलोमीटर दूर चलाया गया।



नौसेना ने बताया कि उनकी कार्रवाई के बाद 35 समुद्री लुटेरों ने सरेंडर किया और 17 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाला गया। जहाज का क्रू 110 से ज्यादा दिनों से लुटेरों के कब्जे में था। ये रेस्क्यू ऑपरेशन 40 घंटे तक चला। इसे पूरा करने के लिए युद्धपोत INS सुभद्रा, ज्यादा ऊंचाई तक उड़ने वाले ड्रोन, P8I पैट्रोलिंग एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल हुआ। अब हाईजैक हुआ जहाज MV रुएन पूरी तरह भारतीय नौसेना के कब्जे में है। 

 
 
29 जनवरी 17 लोगों का रेस्क्यू
 


29 जनवरी को सोमालिया के तट पर तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS सुमित्रा ने एक ईरानी जहाज को समुद्री डाकुओं से बचाया है। नौसेना ने बताया कि जहाज पर सवार क्रू मेंबर सहित सभी 17 लोग सुरक्षित हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा था INS सुमित्रा को अदन की खाड़ी में एक ईरानी झंडे लगे जहाज ईमान के हाईजैक होने की जानकारी मिली। जहाज पर तैनात सिक्योरिटी ने फौरन कार्रवाई करते हुए ईरानी जहाज और क्रू मेंबर्स को डाकुओं से बचाया। 

 
 
4 जनवरी लाइबेरिया जहाज पर सवार 15 भारतीयों का रेस्क्यू
 


4 जनवरी को अरब सागर में सोमालिया के तट के पास लाइबेरिया के फ्लैग वाले जहाज लीला नोर्फोर्क को 4-5 हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया था। भारतीय नौसेना ने बताया कि जहाज ने ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) पोर्टल पर एक संदेश भेजा था। इसके बाद INS चेन्नई को इन्हें बचाने के लिए भेजा गया। नौसेना के मार्कोस कमांडो ने हाईजैक की गई जहाज पर सवार 21 लोगों को बचाया। इसमें 15 भारतीय भी सवार थे। मरीन ट्रैफिक के मुताबिक, जहाज ब्राजील के पोर्टो डू एकू से बहरीन के खलीफा बिन सलमान पोर्ट जा रहा था।