जिन्हें कभी बताया भ्रष्ट आज उन्हीं के साथ लोकतंत्र बचाओ का नारा ; केजरीवाल के समर्थन में विपक्ष का जमावड़ा

    31-मार्च-2024
Total Views |
 
lOKTANTRA BACAHAO AAP RALLY
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविन्द केजरीवाल इन दिनों शराब नीति घोटाला मामले में ED की कस्टडी में हैं। केजरीवाल के साथ उनके 3 नेता भी भ्रष्टाचार मामले में ही जेल में बंद हैं। इसी कड़ी में आज यानि रविवार को आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में देश की तमाम विपक्षी पार्टियों के साथ मिलकर लोकतंत्र बचाओ रैली का आयोजन कर रही है। आप पार्टी की यह रैली केजरीवाल के गिरफ़्तारी के विरोध में आयोजित किया गया है। इन सब के बीच ख़ास बात यह है कि इस रैली में विपक्ष के वे तमाम नेता मौजूद हैं जिन्हें एक वक्त में केजरीवाल भ्रष्टाचारी बताया करते थे। ना सिर्फ भ्रष्टाचारी बल्कि इन राजनीतिक दलों को वे देश के लोकतंत्र के लिए खतरा भी बता चुके हैं। लेकिन आज उन्हीं नेताओं के साथ केजरीवाल की पार्टी लोकतंत्र बचाओ रैली का आयोजन कर रही है।
 
 
आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित इस रैली में केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब CM भगवंत मान, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन समेत 28 विपक्षी दलों के कई नेता शामिल होने वाले हैं। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने गत शनिवार केजरीवाल के आवास पहुँचकर उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाक़ात की थी। बहरहाल आज ये सभी नेता केजरीवाल के समर्थन में दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक मंच पर एकत्रित हुए हैं।
 
 
इन सब के बीच विडंबना यह है कि जो अरविंद केजरीवाल आज शराब नीति घोटाला मामले में ED की कस्टडी में हैं, वही केजरीवाल कभी इसी रामलीला मैदान से जनलोकपाल बिल और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाकर सत्ता की गलियारों में पहुँचे। आज की रैली में शामिल होने वाले सभी नेताओं के ख़िलाफ़ अरविंद केजरीवाल उन दिनों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाया करते थे। केजरीवाल ने एक लंबी चौड़ी लिस्ट बनाई थी जिसमें 25 प्रमुख नेताओं के नाम शामिल थे। इन नेताओं को केजरीवाल ने देश का सबसे भ्रष्ट नेता करार दिया था। लेकिन आज विडंबना देखिए कि आज भी दिल्ली का वही ऐतिहासिक रामलीला मैदान है जहां केजरीवाल की पार्टी रैली का आयोजन कर रही है और साथ ही वे सभी नेता भी इस रैली में शामिल हैं जो कल तक केजरीवाल की नज़रों में भ्रष्ट हुआ करते थे। आज उन सभी नेताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर केजरीवाल की पार्टी लोकतंत्र बचाओ का नारे लगा रही है।
 
 
 
 
विपक्ष की रैली पर भाजपा का हमला  
 
 
राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ रैली पर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है। भाजपा ने हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष पुराने गुनाहों को छिपाने के लिए रामलीला मैदान में एकजुट हो रही है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इस रैली को परिवार बचाओ, भ्रष्टाचार छुपाओ रैली करार दिया है।