पाकिस्तानी आतंकी अबू हमजा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी ; पहचान बताने वालों को 10 लाख का इनाम

    24-अप्रैल-2024
Total Views |
 
Lookout notice issued against Pakistani terrorist Abu Hamza
  
जम्मू कश्मीर के राजौरी स्थित शाहदरा शरीफ के कुंडा टोपा में गत सोमवार रात आतंकियों ने एक घर में गोलीबारी की थी। इस हमले में एक सरकारी कर्मचारी मोहम्मद रजाक की मौत हो गई। अब रजाक के हत्या मामले में जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक पाकिस्तानी आतंकी अबू हमजा Abu Hamza की तस्वीर जारी करते हुए उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। पुलिस ने आतंकी हमजा पर 10 लाख का इनाम भी घोषित किया है। वहीं इस हत्या से जुड़े मामले में जम्मू कश्मीर पुलिस ने 4 ओवर ग्राउंड वर्करों को हिरासत में लिया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
 
 
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकी अबू हमजा की जानकारी देने वाले का नाम और पता पूरी तरह से गुप्त रखेगी। वहीं पुलिस का कहना है कि आतंकी हमजा को थन्नामंडी शाहदरा शरीफ क्षेत्रों में सक्रिय देखा गया है। उसके हुलिया के बारे में बात करते हुए पुलिस ने बताया कि आतंकी हमजा ने पठानी सूट पहना हुआ है और भूरे रंग की शाल उसने ओढ़ रखी है। उसके पास ऑरेंज कलर का एक बैग भी बताया जा रहा है। कुल मिलाकर सुरक्षाबल आतंकी हमजा की तलाश में जुटी है। वे जनता से अपील कर रही है कि जिसे भी वह नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। जानकारी देने वाले को 10 लाख इनाम दिया जाएगा।
 
 
रज्जाक के भाई सेना में जवान हैं। 19 साल पहले आतंकियों ने इसी गांव में रज्जाक के पिता मोहम्मद अकबर की हत्या कर दी थी। वे वेलफेयर डिपार्टमेंट में काम करते थे। रज्जाक को पिता के बाद उनकी नौकरी मिली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने अमेरिका में बनी M4 राइफल और एक पिस्तौल से अटैक किया था। पुलिस ने M4 राइफल की बुलेट्स रिकवर कर ली हैं।