जम्मू सीट पर हैट्रिक की आस में भाजपा ; साढ़े 17 लाख मतदाता कल उम्मीदवारों के किस्मत का करेंगे फैसला, जानें इस सीट का समीकरण

    25-अप्रैल-2024
Total Views |
 
Loksabha election second phase jammu
 
Loksabha Election 2024 : देश में चल रहे लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण का मतदान कल यानि शुक्रवार (26 अप्रैल) को 12 राज्यों व एक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में होना है। इनमें कुल 88 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे चरण के मतदान के मद्देनजर बुधवार को चुनाव प्रचार थम गया है। जम्मू-रियासी संसदीय सीट पर होने वाले चुनाव को देखते हुए जम्मू, सांबा और रियासी जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस दौरान प्रचार प्रसार समेत स्पीकर के इस्तेमाल, राजनीतिक दलों द्वारा सार्वजनिक बैठक और एक स्थान पर 5 से ज्यादा लोगों के होने पर रोक लगा दी गई है। इन स्थानों पर शुक्रवार शाम 6 बजे तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
 
 
जम्मू रियासी सीट के समीकरण
 
 
बात करें अगर जम्मू रियासी सीट कि तो यहाँ करीब साढ़े 17 लाख मतदाता हैं। यह क्षेत्र फिलहाल भाजपा का गढ़ माना जाता है। इस क्षेत्र में भाजपा से लगातार तीसरी बार जुगल किशोर शर्मा, कांग्रेस से रमन भल्ला सहित 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। पिछले चुनाव में जुगल किशोर ने रमण भल्ला को भारी वोटों से हराया था। इस बार भी जमीनी हकीकत के अनुसार यहाँ भाजपा का पलड़ा भारी है और लगातार तीसरी बार अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जुगल किशोर शर्मा मेहनत में लगे हैं। यहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता काफी अधिक है। इस लोकसभा क्षेत्र में चार जिलों की 18 विधानसभाएं आती हैं। इस लोकसभा में जम्मू के अलावा रियासी, सांबा ओर राजौरी जिले का सुंदरबनी से जुड़ा इलाका आता है।
 
 
2019 में इन सीटों पर क्या रहा परिणाम
 
 
गौरतलब है कि मतदान के इस दूसरे चरण में 13 प्रदेशों की कुल 89 सीटों पर मतदान होना था। लेकिन मध्य प्रदेश की बैतूल सीट पर बसपा प्रत्याशी के अचानक हुए निधन के बाद इस सीट पर अब 7 मई को मतदान होंगे। अगर बात करें इन सभी सीटों पर 2019 के परिणामों की तो इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा को 50 सीट अपने दम पर और NDA के सहयोगी दलों ने 8 सीटें जीती थीं। वहीं कांग्रेस के खाते में महज 21 सीटें गईं थीं। जबकि अन्य को 9 सीटें मिली थीं। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार दूसरे फेज में कुल 1,198 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। इनमें 1,097 पुरुष और 100 महिला उम्मीदवार हैं। एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) ने 1,192 उम्मीदवारों के हलफनामे में दी गई जानकारी पर एक रिपोर्ट तैयार की। इनमें से 21% यानि 250 उम्मीदवार पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 390 यानि करीब 33% उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। 6 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है, जबकि तीन के पास 500 से 1,000 रुपए की संपत्ति है।
 
 
वोट के लिए जरुरी दस्तावेज
 
 
गौरतलब है कि मतदान के दिन मतदान केंद्र जाते वक्त आपके पास वोटर कार्ड का होना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आपका नाम मतदाता सूची में भी होना बेहद आवश्यक है। मतदाता सूची में नाम होने पर आपको अपना पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, पासपोर्ट, स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पेंशन दस्तावेज, बैंक खाताबुक फोटो के साथ, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सर्विस पहचान पत्र फोटो के साथ, अधिकारिक पहचान कार्ड होना अनिवार्य है जिसके साथ आप मतदान कर सकते हैं।