अखनूर सड़क हादसे में मृतकों की संख्या पहुंची 22, 69 लोग घायल ; PM मोदी और LG की ओर से सहायता राशि की घोषणा

    31-मई-2024
Total Views |

Akhnoor Road Accident update
 
जम्मू कश्मीर के अखनूर के चूंगी मोड़ क्षेत्र में गत गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शुरुआत में यह जानकारी मिली थी कि इस हादसे में करीब 15 लोगों की मौत हो गई है और 40 से ज्यादा लोग घायल हैं। लेकिन राहत और बचाव कार्य के दौरान यह जानकारी मिली कि मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है, जबकि 69 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 57 लोगों को GMC जम्मू रेफर किया गया और 12 लोगों का इलाज अखनूर उपजिला अस्पताल में जारी है। बस का नंबर UP 86 EC 4078 बताया गया है।
 
 
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई इस बस में कुल 91 तीर्थयात्री सवार थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया और घायलों को खाई से निकालकर अखनूर उपजिला अस्पताल में पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जम्मू मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) रेफर किया गया। इस सड़क दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही उन्होंने बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा भी की। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। 
 
 
PM मोदी और LG की ओर से सहायता राशि की घोषणा 
 
 
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस सड़क दुर्घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने X पर पोस्ट किया, "अखनूर के पास एक बस दुर्घटना में जान-माल की हानि के बारे में जानकर शब्दों से परे दुख हुआ। मेरे गहरे संवेदना शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।" प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू के अलावा, जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस सड़क हादसे पर दुःख व्यक्त किया। मनोज सिन्हा ने मारे गए प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए 5 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यानि कुल मिलाकर मृतकों के परिजनों को 7 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। 
 
 
जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट ने अखनूर के पास हुई इस दुखद दुर्घटना के कारणों की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और जम्मू के एडीएम को 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। जम्मू और कश्मीर के परिवहन आयुक्त, राजिंदर सिंह तारा ने बताया कि चालक एक मोड़ को सम्हाल नहीं सका, जिसके परिणामस्वरूप यह बस दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया, "बस शिव खोड़ी की ओर जा रही थी। यहाँ का मोड़ बहुत सामान्य है और इसमें कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए थी, लेकिन शायद चालक सो गया था और वह मोड़ को सम्हाल नहीं सका। बस मोड़ लेने के बजाय सीधे चली गई और खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में लगभग 22 लोगों की मृत्यु हो गई और 69 लोग घायल हो गए हैं।" उन्होंने आगे बताया कि घायलों को अखनूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जो गंभीर हालत में हैं उन्हें जम्मू रेफर किया जा रहा है।