J&K Assembly Election 2024 : BJP आज जारी करेगी अपना संकल्प पत्र ; इन मुद्दों पर हो सकता है फोकस

06 Sep 2024 13:29:51

Jammu Kashmir BJP Sankalp Patra
 
गृहमंत्री अमित शाह आज से 2 दिवसीय दौरे पर जम्मू आएंगे। मिली जानकारी के अनुसार गृहमंत्री शाह आज करीब 3:30 बजे जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी करेंगे। संकल्प पत्र में भाजपा का मुख्य फोकस गत 5 वर्षों में जम्मू कश्मीर में हुए बदलाव पर होगा। अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद जिस तरह से जम्मू कश्मीर विकास की मुख्य धारा से जुडा है गृहमंत्री शाह उन बातों को आधार बनाते हुए आगे का रोड मैप जम्मू कश्मीर की जनता के समक्ष पेश करेंगे। भाजपा का पूरा फोकस जम्मू कश्मीर के विकास और घाटी से आतंकवाद के समूल नाश पर हो सकता है। जानकारी के लिए बता दें कि भाजपा ने अपना संकल्प पत्र तैयार करने से पहले जम्मू कश्मीर के लोगों से राय भी ली है। लिहाजा स्थानीय लोगों की मांगों को ध्यान में रखकर भाजपा अपना संकल्प पत्र आज जारी करेगी।
 
 
इन मुद्दों पर हो सकता है फोकस
 
 
जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति और जम्मू कश्मीर को अलग केन्द्रशासित प्रदेश बनाए जाने के बाद एक मुख्य मुद्दा राज्य का दर्जा वापस बहाल करने का भी रहा है। PDP, नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस पार्टी अपने बयानों में कई बार इस मुद्दे को उठा चुकी हैं। राज्य का दर्जा बहाल करने को लेकर NC और कांग्रेस ने बड़े वायदे भी किए हैं। हालाँकि समय समय पर गृहमंत्री अमित शाह और यहाँ तक PM मोदी ने भी अपने भाषणों में इस बात को दोहराया है कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इसके सन्दर्भ में भी गृहमंत्री शाह कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार भाजपा के संकल्प पत्र में प्रमुख मुद्दा रहने वाला है। साथ ही कश्मीरी हिन्दुओं और POJK विस्थापितों को लेकर भी कुछ बड़ा ऐलान हो सकता है। हालाँकि अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा अपने संकल्प पत्र में किन मुद्दों को ज्यादा तवज्जो देती है। 
 
 
BJP ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूचि 
 
 
जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। 18 सितम्बर को पहले चरण में 24 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले मतदान के लिए कुल 219 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जबकि दूसरे चरण के लिए अब तक कुल 310 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। हालाँकि EC द्वारा अयोग्य पाए जाने वाले उम्मीदवारों के नामांकन को खारिज करने के लिए आज अंतिम डेट है। बहरहाल इस बीच भाजपा और कांग्रेस पार्टी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के प्रचार प्रसार के लिए कुल 40 स्टार प्रचारकों की सूचि जारी कर दी है।
 
 
भाजपा की इस सूचि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी और राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा समेत अन्य कई केन्द्रीय मंत्रियों के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि पहले चरण का मतदान 18 सितम्बर को होना है जबकि दूसरे चरण का मतदान 6 जिलों के 26 विधानसभा क्षेत्रों में 25 सितम्बर को होगा।
 
 
25 सितंबर को होने वाले इस मतदान के लिए जारी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मनोहर लाल खट्टर और जी किशन रेड्डी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के नाम हैं। हिमाचल प्रदेश के पूर्व CM जय राम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का नाम शामिल है। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, सांसद अनुराग ठाकुर भी जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। बीजेपी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का भी नाम शामिल है। 
 
 
 
 
Powered By Sangraha 9.0