कुछ तो शर्म करो पाकिस्तान ; राहत सामग्री के नाम पर श्रीलंका से किया धोखा, मदद के नाम पर भेजा एक्सपायर्ड माल

    02-दिसंबर-2025
Total Views |

Pakistan sent expired aid to Sri Lanka  
 
 
पाकिस्तान अपनी हरकतों की वजह से एक बार फिर हसी का पात्र बन गया है। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की खूब किरकिरी हो रही है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे पड़ोसी मुल्क ने श्रीलंका के लिए मदद का हाथ बढ़ाया और रसद के नाम पर एक्सपायर सामान भेज दिया।
 
 
बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान 'दितवाह' ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है। भारी बारिश और समुद्र के उफान पर होने के कारण श्रीलंका बाढ़ की चपेट में आ गया है। ऐसे में पाकिस्तान ने श्रीलंका की मदद के लिए कुछ सामान भिजवाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
 
 
पाकिस्तान ने पानी, दूध पाउडर और आटे सहित कई पैकेट भेजे थे। पाकिस्तान हाई कमीशन श्रीलंका ने 30 नवंबर को सोशल मीडिया X पर इससे जुड़ा एक पोस्ट किया था। इसमें राहत सामग्री की तस्वीर भी जारी की गईं, जिसमें एक्सपायरी डेट लिखी नजर आ रही है। यह मामला सामने आने के बाद हर तरफ़ पाकिस्तान की आलोचना हो रही है।
 
 
पाकिस्तान ने तुर्किये को भी दिया था धोखा
 
 
इससे पहले भी पाकिस्तान रिलीफ मटेरियल को लेकर विवादों में रह चुका है। साल 2022 में तुर्किये में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था। इस दौरान पाकिस्तान ने तुर्किये को उसी का भेजा रिलीफ मटेरियल वापस पैक करके भेज दिया था। दरअसल, साल 2021 में पाकिस्तान में बाढ़ के बाद तुर्किये ने मदद भेजी थी। तुर्किये ने इस हरकत के लिए पाकिस्तान को फटकार भी लगाई थी। तुर्किये और सीरिया में भूकंप से 47 हजार लोगों की मौत हुई थी।
 
 
ये पोस्ट वायरल हो रहा है, कई यूजर्स पाकिस्तान की आलोचना कर रहे हैं। हालांकि, अब तक पाकिस्तान का रिएक्शन सामने नहीं आया है। श्रीलंका साइक्लोन दितवाह की वजह से भारी बाढ़ का सामना कर रहा है। इससे 390 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 370 लोग लापता हैं। देश में 11 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, लगभग 2 लाख लोग घर छोड़कर शेल्टर होम में रह रहे हैं।
 
 
पाकिस्तान का भारत विरोधी झूठ बेनक़ाब 
 
 
भारत ने तूफान दितवाह से प्रभावित श्रीलंका के लिए राहत सामग्री ले जा रही पाकिस्तान की फ्लाइट को अपने एयरस्पेस से गुजरने की मंजूरी दी। यह मंजूरी सिर्फ 4 घंटों के अंदर दी गई। सरकार की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि पाकिस्तान ने सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे भारतीय एयरस्पेस के ऊपर से उड़ान भरने की रिक्वेस्ट की थी। इसका मकसद श्रीलंका को मानवीय मदद देना बताया गया। इसे देखते हुए भारत ने बहुत तेजी से रिक्वेस्ट प्रोसेस की। वहीं, पाकिस्तानी मीडिया ने पहले दावा किया था कि भारत ने पाकिस्तान के लिए एयरस्पेस खोलने से इनकार कर दिया है। भारत ने इन दावों को खारिज कर दिया।
 
 
दितवाह 20 सालों में आया सबसे खतरनाक तूफान
 
 
चक्रवात दितवाह 2025 के उत्तर हिंद महासागर साइक्लोन सीजन का चौथा चक्रवात है, जो 26 नवंबर को श्रीलंका के दक्षिण-पूर्वी तट के पास बना। इसका नाम यमन ने रखा था। यह श्रीलंका में 20 सालों में आया खतरनाक तूफान माना जा रहा है। भारत ने साइक्लोन दितवाह से निपटने के लिए ऑपरेशन सागर बंधु के तहत श्रीलंका को 53 टन राहत सामग्री भेजी है। कोलंबो में इंडियन नेवी के दो जहाज से 9.5 टन इमरजेंसी राशन भेजा गया है।
 
 
इनमें टेंट, तिरपाल, कंबल, हाइजीन किट, रेडी-टू-ईट खाने की चीजें, दवाइयां और सर्जिकल इक्विपमेंट समेत 31.5 टन और राहत सामग्री एयरलिफ्ट करने के लिए इंडियन एयर फोर्स के तीन एयरक्राफ्ट तैनात हैं। साथ ही पांच लोगों की मेडिकल टीम, NDRF की 80 लोगों की स्पेशल टीम भी भेजी हैं। इसके अलावा, नई दिल्ली ने इंडियन नेवी के जहाज सुकन्या (त्रिंकोमाली में) पर 12 टन और राहत सामग्री भेजी है, जिससे कुल सामग्री 53 टन हो गई है।